शिरीष, तुम खिलते रहना...
जीवन के रंगमंच से
मृदुला गर्ग
इस बैशाख हमारे मोहल्ले के बगीचे में बेशुमार शिरीष खिला है। चारेक दिन सैर करने नहीं गई। पांचवे दिन देखा, नीचे-ऊपर हर तरफ़ बगीचा पीले-हरे फूलों से भरा था। पेड़ों पर हरे-पीले धागों से बुने फुन्दनों से फूलों का छाजन था ही, धरती को भी पके पीले फूलों ने टपक कर नरम कालीन बना रखा था। पेड़ पर पीत-हरे फूलों से, रूई के फायों में तब्दील हो चुके पीले फूल लिपटे थे।
इस बैशाख हमारे मोहल्ले के बगीचे में बेशुमार शिरीष खिला है। चारेक दिन सैर करने नहीं गई। पांचवे दिन देखा, नीचे-ऊपर हर तरफ़ बगीचा पीले-हरे फूलों से भरा था। पेड़ों पर हरे-पीले धागों से बुने फुन्दनों से फूलों का छाजन था ही, धरती को भी पके पीले फूलों ने टपक कर नरम कालीन बना रखा था। पेड़ पर पीत-हरे फूलों से, रूई के फायों में तब्दील हो चुके पीले फूल लिपटे थे।
ND |
जो बीते कल ताज़ा थे और अगले कल, मिट्टी को दोरंगी छटा देने को तैयार थे। जिन मुरझाए फूलों का हरापन, पीले के आगे घुटने टेक चुका था, उनकी भी आम की याद दिलाती सुगंध बरकरार थी। नैसर्गिक इत्र की बोतल उलट गई हो जैसे। पूरा मंजर खुशबू से लबरेज था।
शिरीष के पेड़ के नीचे कुछ देर खड़े रहो तो बढ़िया वाईन सा सुरूर दिलोदिमाग़ पर तारी हो जाता है। नशा नहीं, मस्ती नहीं, उत्तेजना नहीं, खास किस्म की खुमारी, जिसका सही अंदाजा सिर्फ वे लगा सकते हैं, जिन्हें अनिद्रा रोग हो। जो सोना चाहते हुए भी देर तक जगे रहें। जिन्हें सोते-सोते लगे जग रहे हैं। जगें तो लगे शायद चन्द पल सो लिए थे। नसों के तनाव को सहलाता सुकून मिले भी तो होश गाफिल न हों। कुछ देर के लिए खुदी को भले भूल जाएं पर बाकी अहसास बने रहें।
ND
ND
पुष्पित शिरीष से मुंह फेर, वीरान कीकर पर बैठी एकाकी कोयल मनुष्य की करतूतों का ही शोक कर रही होगी, जो आने वाले कल को बंजर बना रही थीं। प्रकृति विनाश करती है तो सृजन भी, बशर्ते हम उसकी सृजनशीलता कुंठित न कर दें।
शिरीष के साथ, जापानी मित्र का भेजा चेरी के फूलों का चित्र, नज़रों के सामने साकार हो गया। खत 5 अप्रैल 2011 को चल कर 11 अप्रैल को मेरे पास पहुंचा था। मार्च 2011 के भयानक त्सुनामी की पहली मासिक पुनर्तिथि पर। दुर्योग से फुकुशिमा के समीप उसी दिन फिर सात स्केल का भूकम्प आया था।मिवाको कोएजुका ने लिखा था, 'भूकम्प और त्सुनामी के लिए तो दोष हम प्रकृति पर डाल सकते हैं लेकिन परमाणु ऊर्जा वाली गंभीर समस्या तो हम आदमियों की गलती है। हम प्रकृति को बहुत गंदा कर रहे हैं।
हम किन शब्दों में माफ़ी मांगे दूसरे जीव जंतुओं से। फिर भी प्रकृति के आभारी हैं कि चेरी फूल खिलने लगे हैं और इस प्रकार का दृश्य अभी आंखों के सामने होगा जो चित्र में है। जो होना है होगा ही पर हमें भरसक कोशिश करनी होगी सब की भलाई के लिए।' मैं भी प्रकृति की आभारी हूं कि इतने शिरीष खिला दिए।
पर क्या अगले बरस भी वे खिलेंगे और उसके अगले बरस? क्या हम उन्हें खिलने देंगे? शिरीष ही नहीं, नीम, जामुन, शहतूत, मौलश्री, कनक चम्पा, हमारे पर्यावरण के अनुकूल वे सब पेड़, जिन्हें हम नष्ट करने पर आमादा हैं, क्या वे खिलते रहेंगे? क्या कोयल शोक मुक्त हो पाएगी?

