1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Virat Kohli will become father in January 2021

विराट और अनुष्का के घर जनवरी 2021 में आएगा नन्हा मेहमान

Virat Kohli
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान एवं स्टार खिलाड़ी विराट कोहली और उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा के घर जल्द ही एक नन्हा मेहमान आने वाला है। यह मेहमान जनवरी 2021 में आएगा। हालांकि अनुष्का ने अभी ड्यू डेट सार्वजनिक नहीं की है। जब विराट पापा बनेंगे, तब वे भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे में होंगे।
 
स्टार दंपती ने सोशल मीडिया पर गुरुवार को अपने प्रशंसकों को यह खुशखबरी दी। विरुष्का ने सोशल मीडिया पर अपनी एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट कर यह जानकारी दी जिसमें अनुष्का का ‘बेबी बंप’ साफ नजर आ रहा है।
 
विराट और अनुष्का ने अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ही फोटो साझा करते हुए बताया कि अगले साल जनवरी 2021 में वे 2 से 3 होने वाले हैं। उन्होंने कहा, 'और तब, हम 3 होंगे। नया मेहमान जनवरी 2021 में आ रहा है।' विराट ने भी ट्वीट कर यह जानकारी दी। ट्वीट में विराट ने लव और नमस्ते वाली इमोजी भी लगाई। 
 
विराट और अनुष्का ने इटली में परिवार वालों और चुनिंदा दोस्तों के बीच दिसंबर 2017 में शादी की थी। विराट कोहली फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के सत्र में भाग लेने के लिए दुबई पहुंचे हुए हैं, जो 19 सितंबर से शुरू होना है। 
 
विराट आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के कप्तान हैं। वहीं अनुष्का भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी की बायोपिक पर बन रही फिल्म में नजर आएंगी, जो इस साल के अंत तक बड़े पर्दे पर आएगी।
 
विराट इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएंगे जहां भारतीय टीम को चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है। टेस्ट सीरीज 7 जनवरी को सिडनी टेस्ट के साथ समाप्त होगी। इसके बाद दोनों देशों के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज 12 से 17 जनवरी तक खेली जाएगी।
अगला लेख
पारी का आगाज करना आता है लेकिन फिनिशर की भूमिका निभाने के लिए भी तैयार हूं : रहाणे