लंका से वनडे सीरीज जीती, लेकिन बांग्लादेशी कप्तान के जश्न में रंग में भंग पड़ गया
दुबई:बांग्लादेश के कप्तान तमीम इकबाल पर श्रीलंका के खिलाफ ढाका में खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता के लेेवल एक के उल्लंघन यानी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने पर 15 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है।
आईसीसी ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा, “ तमीम को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का दोषी पाया गया है जो खिलाड़ियों एवं उनके सहयोगी सदस्यों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने से संबंधित है। ”
Congratulations Tigers for winning the ODI series against Sri Lanka #BANvSL pic.twitter.com/niL8q6Vs0r
— BPLT20 (@Official_BPLT20) May 28, 2021
इस जुर्माने के साथ ही तमीम के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। जब कोई खिलाड़ी 24 महीने के अंदर चार या उससे ज्यादा डिमेरिट अंक प्राप्त करता है तो उसे निलंबन का सामना करना पड़ता है। यह घटना शुक्रवार को बंगलादेश की पारी के 10वें ओवर में हुई, जब तमीम ने अपने विकेट के पीछे कैच की असफल समीक्षा के बाद अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया।
तमीम ने अपनी गलती के लिए माफी मांग ली है और आईसीसी मैच रेफरी नेयमुर रशीद द्वारा प्रस्तावित प्रतिबंध को स्वीकार कर लिया है, इसलिए अब उनके खिलाफ औपचारिक कार्रवाई की जरूरत नहीं है। ऑन फील्ड अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और तनवीर अहमद, टेलीविजन अंपायर गाजी सोहेल और चौथे अधिकारी मसूदुर रहमान ने तमीम के खिलाफ आरोप लगाए थे। लेवल एक के तहत आने वाले इस तरह के उल्लंघनों में न्यूनतम दंड आधिकारिक फटकार है, जबकि अधिकतम दंड मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक जुड़ना है।
तमीम इकबाल श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज में कप्तान नियुक्त किए गए थे और पहले 2 मैच में श्रीलंका को पहले 2 वनडे मैचों में 33 और 103 रनों से हराकर सीरीज पहले ही कब्जा ली थी। शुक्रवार को खेले गए तीसरे वनडे में श्रीलंका ने बांग्लादेश को 97 रनों से हराकर वनडे लीग में अपना खाता खोला था और बांग्लादेश को क्लीन स्वीप करने से रोक दिया था।
