1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Rohit Sharma frontrunner to lead A side against England Lions

टेस्ट टीम की कप्तानी नहीं छोड़ेंगे रोहित शर्मा भले ही मुंबई इंडियन्स छोड़नी पड़ जाए

इंग्लैंड लायंस के खिलाफ ‘ए’ टीम में शामिल हो सकते हैं भारत के कुछ मुख्य खिलाड़ी

Rohit Sharma
भारत के कुछ मुख्य खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के लिए मई-जून की विंडो में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ होने वाले चार दिवसीय दो मुकाबलों में खेलने के लिए ‘A’ टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
इंग्लैंड की 45 दिवसीय यात्रा की शुरुआत भारत 20 जून से हेडिंग्ले में शुरू होने वाले पहले टेस्ट के साथ करेगा। भारत 2007 के बाद से ‘ओल्ड ब्लाइटी’ में पहली श्रृंखला जीतने का प्रयास करेगा।

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक बयान में कहा, ‘‘पहला चार दिवसीय मैच 30 मई से कैंटरबरी के सेंट लॉरेंस के स्पिटफायर मैदान में आयोजित किया जाएगा। दूसरा मैच एक सप्ताह बाद छह जून से नॉर्थम्प्टन के काउंटी मैदान में शुरू होगा।’’

भारत के सभी मुख्य क्रिकेटर इस समय अपनी-अपनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) फ्रेंचाइजी के साथ अनुबंधित हैं क्योंकि लीग के नॉकआउट मैच 20, 21 और 23 मई को खेले जाएंगे जिसके बाद 25 मई को फाइनल होगा।

भारतीय चयनकर्ताओं को इंग्लैंड दौरे से पहले भारत ‘ए’ टीम की घोषणा करने के लिए पर्याप्त समय मिल गया है और मौजूदा स्थिति के अनुसार करुण नायर इस दौरे में शामिल हो सकते हैं।

करुण ने 2024-25 के घरेलू सत्र में काफी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है, वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे और रणजी ट्रॉफी में नौ मैचों में 54 के औसत से चार शतक और दो अर्धशतक से 863 रन बनाकर चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।

उनकी शानदार फॉर्म की बदौलत विदर्भ ने फाइनल में केरल को हराकर अपना तीसरा रणजी खिताब जीता।

इसकी जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने नाम नहीं बताने की शर्त पर ‘PTI’(भाषा) को बताया, ‘‘टीम की घोषणा करने के लिए काफी समय है, नॉकआउट से पहले या इन मैचों के ठीक बाद। तब आपको स्पष्ट तस्वीर मिल जाएगी कि तब तक कौन से खिलाड़ी उपलब्ध हैं। ’’

रोहित शर्मा के इंग्लैंड में भारत की सीनियर टीम की अगुआई करने की उम्मीद है, भले ही न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट श्रृंखला में मिली हार के दौरान उनका प्रदर्शन मामूली रहा हो।

भारत स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर भी नजर रखेगा जो अब भी ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान लगी पीठ की चोट से उबर रहे हैं।बुमराह आईपीएल 2025 के पहले कुछ मैचों के लिए मुंबई इंडियंस के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
पंजाब में है सरफराज के भाई मुशीर, पोंटिंग और श्रेय्यस से ले ली है ट्रेनिंग (Video)