dharma sangrah
Thu, 26 Nov 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mahendra Singh Dhoni, Vijay Hazare Trophy

धोनी की झारखंड जीत और भाग्य के सहारे क्वार्टर फाइनल में

Mahendra Singh Dhoni
कल्याणी (पश्चिम बंगाल)। महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली झारखंड की टीम ने यहां जम्मू-कश्मीर को छ: विकेट से हराकर विजय हजारे ट्राफी एकदिवसीय टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हैदराबाद से 21 रन की हार के कारण झारखंड का अभियान गड़बड़ा गया था और उसे जम्मू-कश्मीर पर बड़ी जीत तथा हैदराबाद की सेना के हाथों हार की दरकार थी। 
हैदराबाद की टीम ईडन गार्डन्स पर सेना के हाथों हार गयी जिससे धोनी का काम आसान हो गया। हैदराबाद की टीम 28.5 ओवर में 88 रन पर आउट हो गयी। सेना ने 20.2 ओवर में पांच विकेट पर 95 रन बनाकर जीत दर्ज की जिसका सबसे अधिक फायदा झारखंड को मिला। 
 
उधर कल्याणी में झारखंड ने जम्मू कश्मीर को ओवैश शाह (59)  और कप्तान परवेज रसूल (45) की अच्छी पारियों के बावजूद 43 ओवर में 184 रन पर आउट कर दिया। बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम ने 42 रन देकर पांच विकेट लेकर इसमें अहम भूमिका निभायी। झारखंड ने 35 ओवर में चार विकेट पर 185 रन बनाकर क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
 
धोनी ने 17 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 19 रन बनाए। कुमार देवब्रत ने टीम की तरफ से सर्वाधिक 78 रन बनाए। कर्नाटक ग्रुप डी में अपने सारे मैच जीतकर पहले ही अंतिम आठ में जगह सुनिश्चित कर चुका था। झारखंड और हैदराबाद के समान 16 अंक रहे लेकिन धोनी की टीम बेहतर रन गति से नाकआउट में पहुंचने में सफल रही। 
 
कर्नाटक ने अपने अंतिम मैच में छत्तीसगढ़ को तीन विकेट से हराया। छत्तीसगढ़ पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.5 ओवर में 199 रन पर आउट हो गया। कर्नाटक ने 37.3 ओवर में 200 रन बनाकर अपना अजेय अभियान बरकरार रखा। (भाषा)
ये भी पढ़ें
भारत ने चौथे टेस्ट मैच में बेलारूस को 2-1 से हराया