धोनी ने छोड़ी आईपीएल की कप्तानी, स्टीव होंगे कप्तान
Publish Date: Sun, 19 Feb 2017 (17:18 IST)
Updated Date: Sun, 19 Feb 2017 (17:20 IST)
नई दिल्ली। भारतीय सीमित ओवरों की टीम की कप्तानी छोड़ने के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल के 10वें संस्करण की नीलामी की पूर्वसंध्या पर राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस की कप्तानी भी छोड़ दी। उनकी जगह अब आस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ को पुणे का नया कप्तान बनाया गया है। राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस टीम के मालिक संजीव गोयनका ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
गोयनका ने कहा कि धोनी के कप्तानी से इस्तीफा देने के बाद स्मिथ को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है और उम्मीद है कि स्मिथ अपने कुशल अनुभव से टीम के प्रदर्शन में सुधार लाएंगे। गोयनका ने कहा कि मेरे मन में धोनी के प्रति अभी भी बहुत सम्मान है। वे हमारी टीम का एक अहम हिस्सा हैं और आगे भी रहेंगे। धोनी आगे भी टीम के हित में निर्णय लेना जारी रखेंगे।
धोनी ने पिछले दो महीनों के अंदर यह दूसरा चौंकाने वाला फैसला किया है। धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ जनवरी में वनडे सीरीज शुरु होने से पहले सीमित ओवरों की कप्तानी छोड़ दी थी और अब आईपीएल 10 की नीलामी से एक दिन पहले उन्होंने सुपरजाएंट्स की कप्तानी से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया। आईपीएल 10 के लिये नीलामी 20 फरवरी को बेंगलुरु में होगी।
धोनी के अचानक इस्तीफा देने से अटकलों का बाजार गर्म हो गया कि धोनी को हटाया गया है या फिर उन्होंने खुद कप्तानी छोड़ी है। इस मुद्दे पर फ्रेंचाइजी सूत्र का कहना है कि यह फैसला करने से पहले धोनी से विचार विमर्श किया गया था। लेकिन टीम के मालिक संजीव गोयनका ने एक बयान जारी कर बताया कि धोनी ने इस्तीफा दिया है।
स्मिथ को 2014-15 में टेस्ट कप्तान नियुक्त किया गया था और 2015 विश्व कप के बाद से वे वनडे टीम के कप्तान भी हैं। पुणे का पिछले सत्र में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था और वह 8 टीमों में किंग्स इलेवन पंजाब से ऊपर 7वें स्थान पर रहा था। पूरे सत्र में उसकी टीम खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझती रही थी। केविन पीटरसन, फॉफ डु प्लेसिस और स्टीव स्मिथ जैसे खिलाड़ी चोटिल होने के कारण हट गए थे। (वार्ता)