1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Ishan Kishan returns as Jharkhand captain after controversial pullout last season

पिछले सत्र में विवादास्पद तरीके से हटने के बाद ईशान किशन की झारखंड के कप्तान के तौर पर वापसी

Ishan Kishan Ranji Trophy Jharkhand Captain hindi news
Ishan Kishan Ranji Trophy Jharkhand : भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन की बुधवार को झारखंड रणजी टीम में कप्तान के रूप में वापसी हुई जिन्हें पिछले सत्र में विवादास्पद तरीके से हटने के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया था।
 
दिसंबर 2022 में ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की सड़क दुर्घटना के बाद भारत की सफेद गेंद वाली टीम में नियमित रूप से शामिल हुए ईशान ने पिछले साल भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान ब्रेक लिया था।
 
ब्रेक के बाद उन्होंने BCCI के किसी भी आधिकारिक मैच में हिस्सा नहीं लिया जबकि बोर्ड ने खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट को प्राथमिकता देने पर जोर दिया था।
 
इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने फरवरी में वापसी की और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से पहले निजी तौर पर आयोजित डीवाई पाटिल टी20 कप में खेले। इससे फ्रेंचाइजी क्रिकेट और राज्य प्रतिबद्धताओं के बीच संतुलन को लेकर बहस शुरू हो गई।
 
घरेलू क्रिकेट से इस दौरान उनकी अनुपस्थिति ने उन्हें बीसीसीआई के 2023-24 केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया।
 
हालांकि ईशान ने घरेलू क्रिकेट में मजबूत प्रदर्शन से बीसीसीआई का ध्यान आकर्षित किया। पिछले महीने उन्होंने दलीप ट्रॉफी में भारत सी के लिए शतक जड़ा। फिर उन्होंने ईरानी कप में शेष भारत का भी प्रतिनिधित्व किया और एकमात्र पारी में 38 रन बनाए।
 
अब झारखंड की 16 सदस्यीय टीम के कप्तान के रूप में वह युवा टीम का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। पिछले सत्र के कप्तान विराट सिंह उप कप्तान और कुमार कुशाग्र विकेटकीपर होंगे।
झारखंड एलीट ग्रुप डी में गुवाहाटी में असम के खिलाफ अपना रणजी ट्रॉफी अभियान शुरू करेगा।
 
पिछले सत्र में झारखंड ग्रुप ए में नीचे से तीसरे स्थान पर रहा था। उसने अपने सात मैचों में से दो जीते, दो हारे और तीन ड्रॉ किए।
 
झारखंड की चयन समिति के अध्यक्ष सुब्रतो दास ने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ से कहा, ‘‘ईशान एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और उनके पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव है। हमने युवा टीम चुनी है। सौरभ तिवारी, शाहबाज नदीम और वरुण आरोन सभी ने पिछले सत्र के बाद संन्यास ले लिया इसलिए हमें अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना पड़ा। ’’
 
टीम इस प्रकार है:
 
ईशान किशन (कप्तान), विराट सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), नाजिम सिद्दीकी, आर्यमन सेन, शरणदीप सिंह, कुमार सूरज, अनुकूल रॉय, उत्कर्ष सिंह, सुप्रियो चक्रवर्ती, सौरभ शेखर, विकास कुमार, विवेकानंद तिवारी, मानीषी, रवि कुमार यादव और रौनक कुमार। (भाषा) 

लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
कौन हैं 21 साल के नितीश कुमार रेड्डी जिन्होंने अपने दूसरे ही मैच में खेल जगत में मचाया तहलका