1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Indian and English cricketers donnes black arm bands for Dilip Doshi

भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने दिलीप दोशी के सम्मान में काली पट्टी बांधी

India
INDvsENG भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने मंगलवार को यहां पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन का खेल शुरू होने से पहले पूर्व स्पिनर दिलीप दोशी की याद में एक मिनट का मौन रखा और काली पट्टी बांधी।भारत के पूर्व स्पिनर दोशी का सोमवार को लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘दोनों टीमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिलीप दोशी की याद में आज काली पट्टी बांध कर खेल रही हैं। दोनों टीमों ने पांचवें दिन की शुरुआत से पहले एक मिनट का मौन भी रखा।’’

दोशी एक दशक से भी अधिक समय तक इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में खेलते रहे। इस दौरान उन्होंने नॉटिंघमशर और वारविकशर का प्रतिनिधित्व किया।भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज दिलीप दोशी का दिल का दौरा पड़ने से लंदन में निधन हो गया।वह 77 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी कालिंदी, बेटा नयन, और बेटी विशाखा है। क्रिकेट करियर के बाद दोशी हिंदी कॉमेंटेटर के तौर बेहद लोकप्रिय रहे।

दोशी ने भारत के लिए 33 टेस्ट मैचों में 114 विकेट लिये। उन्होंने छह बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया। इसके अलावा उन्होंने 15 एकदिवसीय मैचों में महज 3.96 की इकॉनमी के साथ 22 विकेट लिए। 238 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैचों में उन्होंने 898 विकेट झटके। प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 43 बार पांच विकेट लिए तथा छह बार एक मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया। 1979 में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में पदार्पण किया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और सौराष्ट्र क्रिकेट संघ ने दोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दिलीप दोशी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “बीसीसीआई पूर्व भारतीय स्पिनर दिलीप दोशी के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करता है। लंदन में उनका निधन हो गया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
केएल राहुल ने शतक जड़कर तोड़ा वीरेंद्र सहवाग का यह रिकॉर्ड