1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. India need to know their world T20 squad after this series

भारत की टी-20 विश्वकप टीम इंग्लैंड से होने वाली सीरीज के बाद हो जाएगी फाइनल!

भारत
अहमदाबाद:भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ ने कहा है कि इंग्लैंड के साथ आगामी घरेलू टी-20 श्रृंखला के अंत तक हमें अपनी टी-20 विश्व कप की टीम पता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि टी-20 विश्व कप भारत में होना है, इसलिए यह जरूरी है कि इस श्रृंखला के अंत तक हम यह तय कर लें कि किस टीम के साथ विश्व कप में उतरना है।
 
राठौड़ ने इंग्लैंड के साथ आगामी 12 मार्च को टी-20 श्रृंखला शुरू होने से पहले कहा, ' मुझे यह अच्छी तरह पता है कि टीम में ज्यादा बदलाव नहीं होंगे, क्योंकि हमारी टीम काफी संतुलित टीम है, लेकिन अचानक कोई खिलाड़ी मैच न खेलने की स्थिति में आ सकता है या चोटिल हो सकता है, इसलिए बल्लेबाजी कोच होने के नाते मैं अभी ही टीम को संतुलित करना चाहता हूं। '
 
बल्लेबाजी कोच ने मंगलवार को ईएसपीएन को कहा, ' मैं बल्लेबाजों के स्ट्राइक रेट को लेकर चिंतित नहीं हूं। बड़ी बात यह है कि खिलाड़ी परिस्थितियों के अनुसार अपनी भूमिका के तहत खेलने पर ध्यान दें। टी-20 क्रिकेट में गेम प्लान बहुत मायने रखता है। '
 
राठौड़ ने टी-20 मैचों में बल्लेबाजी कोच होने के संबंध में एक प्रश्न का जवाब देते हुए कहा, ' देखिए, मैं बल्लेबाजों को यह तो नहीं सिखा सकता कि कवर ड्राइव और पुल शॉट कैसे खेलना है। मेरे लिए जरूरी यह है कि मैं गेम प्लान, फैसलों, दबाव पर नियंत्रण, सही मनोदशा और परिस्थितियों को समझने जैसे विषयों पर चर्चा करूं। मेरा दायित्व बल्लेबाजों को यह बताना है कि वह गेंदबाजों के खिलाफ किन गेंदों पर आक्रमण करें। शॉट लगाने के लिए कौन सा क्षेत्र चुने। इन सबका क्रियान्वयन बल्लेबाजों के ऊपर निर्भर करता है। '
 
बल्लेबाज कोच के रूप में राठौड़ की दूसरी टी-20 श्रृंखला है। इससे पहले दिसंबर 2020 में वह ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी बल्लेबाजी कोच के रूप में भारतीय टीम के साथ थे। इस श्रृंखला में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से हराया था।(वार्ता)
अगला लेख
साउथम्पटन में ही होगा भारत बनाम न्यूजीलैंड का विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल, ICC ने लगाई मुहर