मैकग्रा का दावा, सचिन ने मेरे साथ स्लेजिंग की थी
Publish Date: Sun, 22 Jan 2017 (08:21 IST)
Updated Date: Sun, 22 Jan 2017 (08:26 IST)
चेन्नई। विश्व के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटरों में शामिल रहे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मध्यम गति के तेज गेंदबाज ग्लैन मैकग्रा ने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर पर अपने साथ स्लेजिंग करने का आरोप लगाया है।
मैकग्रा ने शनिवार को कहा, 'विश्व की सभी टीमें ऐसा करती हैं, लेकिन जब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी करते हैं तो यह सुर्खियां बन जाती है। जब दूसरी टीमें हमारे साथ स्लेजिंग करती हैं तो हम चुप रहते हैं। एक ऑस्ट्रेलियन को हारा हुआ और धोखेबाज कहने से ज्यादा बड़ा अपमान नहीं हो सकता। सचिन तेंदुलकर ने भी मेरे साथ स्लेजिंग की थी।'
पूर्व तेज गेंदबाज ने न सिर्फ विदेशी खिलाड़ियों को स्लेजिंग करने वाला बताया कि बल्कि उन्होंने यह भी कहा कि उनके टीम के खिलाड़ी भी उनके साथ स्लेजिंग करते थे।
मैक्ग्रा ने इस कड़ी में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हैडन का नाम लेते हुए कहा, 'संभवत: हैडन सबसे ज्यादा स्लेजिंग करता था, लेकिन गली और स्लीप में क्षेत्ररक्षण करने के कारण वह सबकी नजरों से बच जाता था।' (वार्ता)