सम्बंधित जानकारी
- क्या IPL-13 में होगा बदलाव, हर मैच के पहले बजेगा राष्ट्रगान?
- स्टिंग में रिश्वत मांगने वाला आरोपी BCCI से निलंबित, राजीव शुक्ला के निजी स्टाफ का सदस्य था
- ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एंड्रयू बारी मैकडॉनल्ड आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स के प्रमुख कोच बने
- IPL में RCB ने पहली बार किया यह काम, सपोर्ट स्टाफ में महिला की नियुक्ति
- IPL में किंग्स इलेवन पंजाब के मुख्य कोच बने अनिल कुंबले
IPL में दिल्ली कैपिटल्स हुई मजबूत, अश्विन के बाद मिले रहाणे
नई दिल्ली। आईपीएल के अगले संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स मजबूती के साथ उतरेगी, क्योंकि उसे किंग्स इलेवन पंजाब से आर. अश्विन मिलने के बाद राजस्थान रॉयल्स से अजिंक्य रहाणे मिल गए हैं। राजस्थान रॉयल्स ने अपने सबसे अनुभवी खिलाड़ी रहाणे को दिल्ली कैपिटल्स को दिया और बदले में उसे इस टीम से लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय और गेंदबाजी ऑलराउंडर राहुल तेवतिया मिले।
रहाणे ने 2011 से 2019 के बीच रॉयल्स के लिए 100 मैच खेले और इनमें से 24 में टीम की कप्तानी की। वह टीम के सबसे सफल बल्लेबाज भी रहे। उन्होंने 34.26 के औसत और 122.65 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान रहाणे ने रॉयल्स की ओर से 2 शतक और 17 अर्द्धशतक भी जड़े। आईपीएल की खिलाड़ियों की 'ट्रांसफर विंडो' के अंतिम दिन खिलाड़ियों को दूसरी टीमों को देने की घोषणा की गई। आईपीएल ने बयान में कहा कि सफल समझौते के बाद अजिंक्य रहाणे अब दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ेंगे।
रहाणे 2011 में मुंबई इंडियंस को छोड़कर रॉयल्स से जुड़े थे। रहाणे को 2019 सत्र के बीच में ही रॉयल्स की कप्तानी से हटा दिया गया था और स्टीव स्मिथ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने 2019 सत्र के 14 मैचों में 32.75 की औसत से 393 रन बनाए जिसमें नाबाद 105 रनों की पारी भी शामिल है। 4 करोड़ रुपए में रॉयल्स से जुड़ने वाले रहाणे ने भारत की ओर से पिछला टी-20 अगस्त 2016 जबकि पिछला एकदिवसीय मैच फरवरी 2018 में खेला।
रहाणे के बदले दिल्ली की टीम ने मार्कंडेय और तेवतिया को रॉयल्स को सौंपा। आईपीएल के 12वें सत्र के बाद दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस से मार्कंडेय मिले थे। इस लेग स्पिनर ने मुंबई इंडियंस की ओर से उपयोगी प्रदर्शन किया और इसके बाद भारत के लिए भी टी-20 खेले।
तेवतिया 2014 में रॉयल्स के साथ आईपीएल करियर शुरू करने के बाद दोबारा इस टीम से जुड़ेंगे। रॉयल्स ने तब उन्हें 10 लाख रुपए में खरीदा था। वे 2015 में भी टीम का हिस्सा रहे और फिर 2017 में किंग्स इलेवन पंजाब से जुड़े। तेवतिया 2018 और 2019 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेले थे। रहाणे के आने से दिल्ली की टीम में स्टार भारतीय खिलाड़ियों की संख्या में इजाफा होगा। शिखर धवन, ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर पहले ही टीम का हिस्सा हैं।
