1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Anderson Tendulkar Trophy launch delayed due to Ahmedabad plane crash

अहमदाबाद विमान हादसे के कारण एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लॉन्च में देरी

Anderson-Tendulkar Trophy hindi news
Ahmedabad Plane Crash : अहमदाबाद में हाल में हुए विमान हादसे के कारण भारत और इंग्लैंड के बीच आगामी टेस्ट सीरीज के लिए एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी (Anderson-Tendulkar Trophy) के अनावरण में देरी हो गई। इस विमान हादसे में 275 लोगों की मौत हो गई थी। पूर्व भारतीय कप्तान मंसूर अली खान पटौदी (Mansoor Ali Khan Pataudi) के सम्मान में इसे पहले पटौदी ट्रॉफी कहा जाता था, लेकिन अब इसका नाम बदलकर एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी (ATT) कर दिया गया है। इस ट्रॉफी का नाम बदलने का फैसला मेजबान इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने किया।
 
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘ एटीटी ट्रॉफी (जिसे पहले 14 जून को लांच किया जाना था) के अनावरण में अहमदाबाद में हाल में हुई दुर्घटना के कारण देरी हुई है। इसे रद्द नहीं किया गया है। उम्मीद है कि सीरीज शुरू होने से पहले ट्रॉफी का अनावरण कर दिया जाएगा।’’
 
इस दुर्घटना में 50 से अधिक ब्रिटिश नागरिकों की भी मौत हो गई थी। एयर इंडिया का यह विमान लंदन जा रहा था और उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

 
इन दोनों देशों के दो महान खिलाड़ियों इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (James Anderson) और भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के सम्मान में इस ट्रॉफी का नाम बदला गया। लीड्स में 20 जून से शुरू होने वाली इस सीरीज में पांच टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
 
यह भी पता चला है कि बीसीसीआई ने ईसीबी से अनुरोध किया है कि पटौदी के नाम पर एक व्यक्तिगत सम्मान स्थापित करके सीरीज से उनका संबंध बरकरार रखा जाए।
 
सूत्रों के अनुसार, तेंदुलकर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह (Jay Shah) चाहते हैं कि भारतीय क्रिकेट में पटौदी के योगदान को ध्यान में रखते हुए इस दिवंगत कप्तान का नाम इस सीरीज से जुड़ा रहे।  (भाषा)

लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
क्या RCB को मदद करना हेजलवुड को पड़ा भारी? पूर्व गेंदबाज ने उठाए गंभीर सवाल