शर्मनाक! पाकिस्तान ने 228 बार तोड़ा संघर्षविराम...
Publish Date: Sat, 22 Jul 2017 (19:03 IST)
Updated Date: Sat, 22 Jul 2017 (19:08 IST)
नई दिल्ली। पाकिस्तान की सेना ने नियंत्रण रेखा पर इस साल 11 जुलाई तक 228 बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया है जिनमें 5 जवान शहीद हुए हैं।
रक्षा राज्यमंत्री सुभाष भामरे ने शनिवार को लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघर्षविराम की इन घटनाओं में 24 जवान घायल हुए थे।
उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा पर संघर्षविराम की वर्ष 2014 में 153, 2015 में 152 और 2016 में 228 घटनाएं हुईं जिनमें क्रमश: 3, 10 और 13 जवान शहीद हुए और 29, 26 और 99 घायल हुए थे। वर्ष 2015 से इस साल 11 जुलाई तक सेना पर 27 आतंकवादी हमले हुए जिनमें 40 जवान शहीद हुए।
भामरे ने बताया कि वर्ष 2014 से इस साल 11 जुलाई तक नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की 84 प्रयासों को असफल किया गया जिनमें 142 आतंकवादी मारे गए और सेना के 29 जवान शहीद हुए। (वार्ता)