1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold silver rates in India

Gold Price Today : सोना 3 माह में सबसे सस्‍ता, चांदी 60 हजार के करीब, जानिए क्यों गिर रहे हैं दाम?

Gold
नई दिल्ली। देश में सोने के दाम लगातार गिर रहे हैं। बुधवार सुबह सोने की वायदा कीमत 3 महीने के निचले स्‍तर पर चली गई। फिलहाल सोने का भाव 50 हजार के करीब पहुंच गया है, जबकि चांदी 60 हजार के करीब बिक रही है।
 
आज सुबह 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने का वायदा भाव गिरकर 50,322 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हाजिर सोना 1,838.55 डॉलर प्रति औंस पर रहा। यह सोने की खुदरा वायदा कीमत का 3 महीने में सबसे निचला स्‍तर है। कहा जा रहा है कि सोने के दाम अभी और कम होंगे और यह 1,680 डॉलर के लेवल तक जा सकते हैं। इसी तरह चांदी की कीमतें भी गिरकर 60 हजार के करीब पहुंच गई। सुबह के कारोबार में चांदी 280 रुपए घटकर 60,338 रुपए प्रति किलोग्राम थी।
 
मार्च 2022 में 10 ग्राम सोने की न्यूनतम कीमत 50950 थी, अप्रैल में इसका न्यूनतम मूल्य 52140 था आज सुबह यह 50,322 पर पहुंच गया हालांकि बाद में इसके दाम बढ़कर 51,000 तक पहुंच गए।
 
क्यों गिर रहे हैं सोने चांदी के दाम : अमेरिका में बॉन्‍ड यील्‍ड 20 साल के शीर्ष स्‍तर पर पहुंच गई। डॉलर में भी कुछ गिरावट आई है, इस वजह से भी सोने और चांदी की कीमत कम हुई है। फिलहाल निवेशक अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। अगर वहां महंगाई बढ़ती हैं तो बुलियन की मांग प्रभावित हो सकती है।