1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold, Silver, Delhi bullion market

वैश्विक दबाव से सोना लुढ़का, चांदी रही स्थिर

Gold
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं के दबाव में रहने से दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 100 रुपए टूटकर 31,450 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी गत दिवस के 37,950 रुपए प्रति किलोग्राम पर टिकी रही।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में पीली धातु में नरमी रही। दो सप्ताह बाद होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक में नीतिगत ब्याज दरों में वृद्धि की संभावना के कारण निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं। सोना ब्याज दरों के प्रति संवेदनशील धातु है।

ब्याज दर बढ़ने से इस पर दबाव पड़ता है। इसके साथ ही दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध गहराने की आशंका ने भी निवेशकों को पीली धातु से दूर किया। लंदन में सोना हाजिर 1.40 डॉलर की गिरावट में 1,193.95 डॉलर प्रति औंस रह गया।

दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 0.80 डॉलर फिसलकर 1,199 डॉलर प्रति औंस बोला गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी हाजिर 0.04 डॉलर टूटकर 14.10 डॉलर प्रति औंस बोली गई। (वार्ता)
अगला लेख
कमलनाथ ने शिवराजसिंह चौहान को खत लिखकर दी चेतावनी