शुक्रवार, 27 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Gold or stock market
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 19 अगस्त 2025 (19:13 IST)

Gold : सोना या शेयर बाजार, पिछले सालों में किसने दिया सबसे ज्यादा रिटर्न

gold rupee
ब्रोकरेज फर्म वेंचुरा ने को कहा है कि इस साल के अंत तक कोमेक्स गोल्ड के दाम पहली बार 3,600 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकते हैं। पिछले 7 अगस्त को कोमेक्स गोल्ड प्लेटफॉर्म पर सोने की कीमत 3,534.10 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गई थी जो अपने-आप में रिकॉर्ड है। पिछला रिकॉर्ड 3,509.90 डॉलर का था जो इसी साल अप्रैल में बना था। दोनों मौकों पर विदेशों में कीमतों में बढ़ोतरी का असर देश में भी सोने के दाम पर देखने को मिला।
वेंचुरा के मुताबिक भू-राजनैतिक तनावों, वृहद-आर्थिक चुनौतियों और निवेश के लिए पीली धातु की मजबूत मांग के कारण इस साल सोने के दाम और बढ़ने की संभावना है। पिछले 20 साल में से 14 के दौरान सोने ने सकारात्मक रिटर्न दिया है। पिछले तीन साल में इसने 23 प्रतिशत से ज्यादा का औसत वार्षिक रिटर्न दिया है जबकि इसी अवधि में निफ्टी-50 ने 11 प्रतिशत का औसत रिटर्न दिया है। कोमेक्स गोल्ड ने साल 2023 में 13.08 प्रतिशत, 2024 में 27.23 प्रतिशत और साल 2025 में जुलाई तक 28.68 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
 
वेंचुरा में कोमोडिटीज के प्रमुख एनआर रामास्वामी ने कहा कि पोर्टफोलियो में सोने की रणनीतिक भूमिका मजबूत हुई है क्योंकि निवेशकों को सुस्त वैश्विक विकास, नीति निर्माण के स्तर पर अनिश्चितताओं और बढ़े हुए भू-राजनीतिक जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति के दबाव, अमेरिका डॉलर में नरमी और अमेरिका में नीतिगत ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद को देखते हुए साल 2025 के अंत तक सोने में तेजी रहेगी। विश्लेषण बताते हैं कोमेक्स गोल्ड इस साल 3,600 डॉलर प्रति औंस पर भी पहुंच सकता है।
वेंचुरा ने बताया कि साल 2025 की दूसरी तिमाही में सोने की मांग पिछले साल की समान अवधि की तुलना में तीन फीसदी बढ़कर 1,249 टन रही। निवेश मांग ने आभूषण निर्माण की मांग में कमी की भरपाई कर दी। केंद्रीय बैंकों के पास पड़े सोने की मात्रा 36,345 टन पर पहुंच गई है जिसमें भारत का स्वर्ण भंडार 880 टन है। इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
अधेड़ महिला ने 13 साल के बच्चे से 2 बार जबरन बनाए यौन संबंध, 4 साल बाद हुआ खुलासा, जानिए कितनी हो सकती है सजा