...तो कुछ भी असंभव नहीं-सहवाग
इंडियन प्रीमियर लीग में पांचवीं हार से निराश दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान वीरेंद्र सहवाग ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि यदि आगे के मैचों में उनकी टीम इकाई के तौर पर प्रदर्शन करती है तो फिर कुछ भी असंभव नहीं है।कोलकाता नाइटराइडर्स के हाथों 17 रन की हार के बाद सहवाग ने कहा कि हमारे लिए यह मैच जीतना बहुत जरूरी था। आगे राह कठिन हो गई है लेकिन कुछ भी असंभव नहीं है। हम अब भी सेमीफाइनल की दौड़ में हैं।डेयरडेविल्स के अब सात मैच में केवल चार अंक हैं और उसे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए कम से कम छह मैच जरूर जीतने होंगे।सहवाग ने कहा कि अभी हमारे साथ कुछ भी अच्छा नहीं चल रहा है। किसी दिन हमारे गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो कभी हमारे बल्लेबाज चलते हैं। हम किसी भी मैच में इन दोनों विभागों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमारी कोई भी रणनीति नहीं चल पा रही है।कोलकाता से हार के लिये सहवाग ने बल्लेबाजों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि मैंने मैच से पहले ही कहा था कि इस पिच पर 160 रन का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। हमारे सामने इससे भी कम लक्ष्य था लेकिन हमारा कोई भी बल्लेबाज नहीं चल पाया।उन्होंने कहा कि हमें अच्छी शुरुआत की जरूरत है। हमारा मध्यक्रम भी नहीं चल पा रहा है। हमें अपनी रणनीति कुछ बदलनी होगी तथा वेणुगोपाल राव और नमन ओझा को आगामी मैचों में उपरी क्रम में भेजना होगा जिससे उन्हें अधिक ओवर खेलने के लिए मिलें। (भाषा)
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें