1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. US scientists on nuclear weapons in pakistan

पाकिस्तान के पास कितने परमाणु हथियार, अमेरिकी वैज्ञानिकों ने खोला राज

pakistan
Pakistan nuclear weapons : अमेरिका के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिकों ने दावा किया कि पाकिस्तान के पास तकरीबन 170 परमाणु हथियारों का भंडार है। मौजूदा वृद्धि दर के हिसाब से 2025 तक पाकिस्तान के पास करीब परमाणु हथियारों की संख्या बढ़कर 200 तक हो सकती है।
 
‘बुलेटिन ऑफ अटॉमिक साइंटिस्ट्स’ में 11 सितंबर को प्रकाशित स्तंभ ‘न्यूक्लियर नोटबुक’ में कहा गया है, 'हमारा अनुमान है कि पाकिस्तान के पास करीब 170 परमाणु हथियारों का भंडार है। अमेरिका की रक्षा खुफिया एजेंसी ने 1999 में अनुमान जताया था कि पाकिस्तान के पास 2020 तक 60 से 80 परमाणु हथियार होंगे लेकिन तब से कई नई हथियार प्रणालियां तैनात और विकसित की गई हैं जिससे आकलन बढ़ गया है।'
 
वैज्ञानिकों ने कहा, 'हमारा आकलन काफी अनिश्चितता से भरा है क्योंकि न तो पाकिस्तान और न ही अन्य देश पाकिस्तानी परमाणु शस्त्रागार के बारे में ज्यादा सूचना प्रकाशित करते हैं।'
 
स्तंभ में कहा गया है कि जब तक भारत अपने शस्त्रागार का विस्तार नहीं करता या पारंपरिक ताकतों का निर्माण नहीं करता, तब तक यह उम्मीद करना उचित लगता है कि पाकिस्तान का परमाणु शस्त्रागार अनिश्चितकाल तक बढ़ता नहीं रहेगा बल्कि उसके मौजूदा हथियार कार्यक्रम पूरे होने के बाद यह कम होना शुरू हो सकता है। (भाषा)
Edited by : Nrapendra Gupta 
अगला लेख
अनंतनाग मुठभेड़ में एक और जवान शहीद, ड्रोन से आतंकियों पर नजर