शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Ukraine Russia conflicts : Russia extends millitary exercise
Written By
Last Modified: रविवार, 20 फ़रवरी 2022 (22:59 IST)

रूस ने सैन्य अभ्यास का विस्तार किया, यूक्रेन ने की संघर्ष विराम की अपील

रूस ने सैन्य अभ्यास का विस्तार किया, यूक्रेन ने की संघर्ष विराम की अपील - Ukraine Russia conflicts : Russia extends millitary exercise
कीव। रूस ने रविवार को यूक्रेन की उत्तरी सीमाओं के पास सैन्य अभ्यास का विस्तार किया। वहीं, पूर्वी यूक्रेन में सैनिकों और रूस समर्थित अलगाववादियों के बीच लगातार दो दिन हुई गोलाबारी से हमले की आशंका और बढ़ गई है। इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने संघर्ष विराम की अपील की है।
 
बेलारूस के रक्षा मंत्री विक्टर ख्रेनिन ने कहा है कि यूक्रेन को लेकर बढ़ते तनाव के कारण रूसी सैनिकों के साथ उनके देश का संयुक्त अभ्यास जारी रहेगा। पहले के कार्यक्रम के मुताबिक यह अभ्यास रविवार को खत्म होना था। यूक्रेन की उत्तरी सीमा बेलारूस से लगती है, जहां वाहनों से पहुंचने में तीन घंटे से भी कम का समय लगता है। रूसी सैनिकों की मौजूदगी से पश्चिमी देशों को आशंका है कि वे यूक्रेन की राजधानी कीव में घुस सकते हैं। कीव की आबादी करीब 30 लाख है।
 
पश्चिमी देशों के नेताओं ने आगाह किया है कि रूस अपने पड़ोसी देश यूक्रेन पर हमला कर सकता है और उसने सीमा के तीनों तरफ लगभग 1,50,000 सैनिकों, युद्धक विमानों और अन्य साजो-सामान की तैनाती कर रखी है। रूस ने शनिवार को पड़ोसी देश बेलारूस में परमाणु हथियारों और पारंपरिक युद्धाभ्यास किया। काला सागर तट के पास भी उसके नौसैनिकों ने अभियान में हिस्सा लिया।
 
अमेरिका और कई यूरोपीय देशों ने आशंका जताई है कि रूस हमला करने के बहाने तलाश रहा है। पश्चिमी देशों ने हमले की स्थिति में तत्काल प्रतिबंध लगाने की चेतावनी भी दी है।
 
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शनिवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को बैठक करके संकट का हल निकालने का प्रस्ताव दिया। जेलेंस्की ने रविवार को ट्वीट कर संघर्ष विराम की अपील की। जेलेंस्की के इस प्रस्ताव पर रूस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
 
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का अनुमान है कि बेलारूस में 30,000 रूसी सैनिक हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों से फोन पर बातचीत के बाद पुतिन ने यूक्रेन पर हालात को भड़काने और नाटो पर यूक्रेन में ‘‘आधुनिक हथियार और गोला-बारूद पहुंचाने’’ के लिए दोषी ठहराया। रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के बयान में संघर्ष विराम के अस्थायी होने का उल्लेख किया गया और वार्ता के लिए जेलेंस्की की अपील पर कुछ नहीं कहा गया है।
 
वहीं, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष चार्ल्स मिशेल ने रविवार को कहा कि बड़ा सवाल यह है कि क्या रूस बातचीत करना चाहता है? उन्होंने कहा कि ऐसे में जब रूस मिसाइल परीक्षण करता रहता है और सैनिकों को इकट्ठा करना जारी रखता है हम हमेशा शांति-सद्भावना की पेशकश नहीं कर सकते। एक बात निश्चित है। अगर आगे सैन्य आक्रमण होता है तो हम और बड़े प्रतिबंध लगाएंगे।
 
कीव में, रविवार को जन-जीवन सामान्य रहा। वर्षों पहले अलगाववादियों के कब्जे वाले लुहांस्क क्षेत्र से भागकर आईं कतेरीना स्पांचक ने कहा कि उन्होंने शांति के लिए प्रार्थना की। स्पांचक ने कहा कि हम इंसान हैं, हम सभी जीवन से प्यार करते हैं। इसी प्यार के कारण सब एकजुट हैं। मुझे लगता है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा।
 
हालांकि, पूर्वी यूक्रेन में अलगाववादी नेताओं ने क्षेत्र में हिंसा बढ़ने और इसकी आड़ में रूस के आक्रमण करने को लेकर पश्चिमी देशों की आशंका के बीच शनिवार को पूर्ण सैन्य लामबंदी का आदेश दिया। दोनेत्स्क और लुहांस्क में अलगाववादी प्राधिकारियों ने महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों को पड़ोसी रूस भेजने की घोषणा की है। रूस ने अलगाववादियों के कब्जे वाले क्षेत्र के लोगों के लिए करीब 7,00,000 पासपोर्ट जारी किये।
 
अलगाववादी क्षेत्रों के अधिकारियों ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने पिछले दिनों कई तोपों से गोले दागकर हमले किए और रूसी सीमा के पास एक गांव पर हमले में दो नागरिक मारे गए।
 
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने रविवार को उस हालात को समझने के महत्व पर जोर दिया जिसका यूरोप सामना कर रहा है। म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में हैरिस ने कहा, ‘‘हम यूरोप में युद्ध की आशंका के बारे में बात कर रहे हैं। सत्तर साल से अधिक हो गए हैं, और उन 70 वर्षों के दौरान...शांति और सुरक्षा रही है।’’
 
पुतिन की मांग है कि यूक्रेन को नाटो का सदस्य नहीं बनाया जाए। अगले कुछ दिनों में युद्ध होने की आशंका के बीच जर्मनी और ऑस्ट्रिया ने अपने नागरिकों को यूक्रेन छोड़ने के लिए कहा है। जर्मन विमानन कंपनी लुफ्थांसा ने राजधानी कीव और ओडेसा के लिए उड़ानें रद्द कर दीं। कीव में नाटो के संपर्क कार्यालय ने कहा कि यह कर्मचारियों को ब्रसेल्स और पश्चिमी यूक्रेन शहर लविव में स्थानांतरित कर रहा है।
 
इस बीच, पूर्वी यूक्रेन में यूक्रेनी सेना के अधिकारियों पर गोलाबारी की गई। अधिकारियों ने गोलाबारी से बचने के लिए क्षेत्र में बनाए गए बम रोधी आश्रय स्थल में शरण ली। बाकी अन्य जगहों पर यूक्रेन के सैनिकों ने कहा कि उन्हें जवाबी गोलीबारी नहीं करने के आदेश दिए गए हैं।
 
पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रविवार को रूसी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक साक्षात्कार में कहा कि जैसा कि तनाव अभी चरम पर है तो कोई भी चिंगारी, कोई अनियोजित घटना या उकसावे की किसी भी मामूली घटना के नुकसानदायक परिणाम हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें
अमेरिकी खुफिया एजेंसी का दावा, यूक्रेन पर हमले का आदेश जारी, पहले साइबर अटैक करेगा रूस!