1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Praveen Bhai Togadia

भाजपा ने किया हिन्दुओं के साथ विश्वासघात : तोगड़िया

Praveen Bhai Togadia
अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय विश्व हिन्दू परिषद (अहिप) के अध्यक्ष प्रवीण भाई तोगड़िया ने गुरुवार को आरोप लगाया कि अयोध्या में विवादित राम जन्मभूमि मसले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिन्दू समाज के साथ विश्वासघात किया है।
 
 
तोगड़िया ने कहा कि लोकसभा चुनाव के निकट आने के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या विवाद का समाधान अदालत के आदेश के बाद कहकर हिन्दू समुदाय के साथ विश्वासघात किया है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक राम मंदिर मुद्दे को राजनीतिक रूप देकर के जनता के साथ धोखा किया है। भाजपा हमेशा यह कहती है कि पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी तो मंदिर बनेगा।
 
उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए भाजपा ने सोमनाथ से अयोध्या तक यात्रा निकाली। 8 करोड़ हिन्दुओं से सवा रुपया प्रति के हिसाब से चंदा वसूला। 6 करोड़ लोगों से कारसेवा करवाई। मंदिर आंदोलन में कई लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी। बाद में भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में 30 करोड़ हिन्दू मतों की बदौलत सरकार बनाई। अब मोदी का यह कहना दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस मामले में अदालत के निर्णय के बाद ही सरकार अपना अगला कदम तय करेगी।
 
तोगड़िया ने कहा कि उनका संगठन देशव्यापी अभियान चलाएगा कि राम मंदिर नहीं तो हिन्दुओं का वोट भाजपा को नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि हम चुनाव लड़ेंगे और ये 3 बात रखेंगे। हमारा संकल्प है कि राम मंदिर, किसान को दाम, युवाओं को काम ये मोदीजी ने नहीं किया तो हम करके दिखाएंगे। एक माह के अंदर राजनीतिक पार्टी का ऐलान करेंगे और उसमें हम चुनाव लड़कर यह दिखाएंगे। (वार्ता)
अगला लेख
पुजारा का अनुकरण करना होगा और लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी होगी : लाबुशेन