• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Pakistan extends airspace closure for Indian flights
Last Modified: लाहौर , शुक्रवार, 23 मई 2025 (22:35 IST)

भारतीय विमानों के लिए पाकिस्तान ने बंद किया एयरस्पेस, एक महीने तक बढ़ाया प्रतिबंध

Pakistan extends airspace closure for Indian flights
India-Pakistan tension : पाकिस्तान ने शुक्रवार को भारतीय उड़ानों के देश के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने पर प्रतिबंध को 24 जून तक बढ़ा दिया। पाकिस्तान हवाईअड्डा प्राधिकरण द्वारा जारी एक नए ‘नोटेम’ (नोटिस टू एयरमैन) में यह जानकारी दी गई है। ‘नोटेम’ एक नोटिस है, जिसमें उड़ानों के परिचालन से संबंधित कर्मियों के लिए आवश्यक जानकारी होती है। यह विस्तार अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के नियमों के अनुसार किया गया है। आईसीएओ के नियमों के अनुसार हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध एक बार में एक महीने से अधिक के लिए नहीं लगाया जा सकता है।
 
पाकिस्तान हवाईअड्डा प्राधिकरण (पीएए) ने यहां एक बयान में कहा, भारतीय विमानों के पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने पर प्रतिबंध 24 जून 2025 की तड़के 4:59 बजे तक बढ़ा दिया गया है। पीएए के बयान में कहा गया है कि भारत में पंजीकृत, संचालित, स्वामित्व वाले या पट्टे पर दिए गए सभी विमान इस प्रतिबंध के तहत आएंगे।
बयान में कहा गया है, यह प्रतिबंध भारतीय सैन्य विमानों पर भी लागू होगा। भारतीय एयरलाइन या ऑपरेटर द्वारा संचालित किसी भी उड़ान को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पीएए ने कहा कि निर्देश के तहत, भारतीय एयरलाइंस या ऑपरेटर द्वारा संचालित किसी भी उड़ान को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। 
 
पाकिस्तान ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा उठाए गए कदमों के बाद पिछले महीने भारत के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया था। पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे। यह प्रतिबंध 23 मई तक एक महीने के लिए लगाया गया था, क्योंकि अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के नियमों के अनुसार हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध एक बार में एक महीने से अधिक के लिए नहीं लगाया जा सकता है।
हवाई क्षेत्र को एक महीने के लिए बंद करने की अवधि बढ़ाए जाने से दो दिन पहले दिल्ली-श्रीनगर उड़ान का संचालन कर रहे इंडिगो के एक पायलट ने बुधवार को खराब मौसम से बचने के लिए पाकिस्तान हवाई क्षेत्र में प्रवेश का अनुरोध किया था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया था। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
विकास कार्यों और रोजगार के लिए लहार क्षेत्र में स्थापित करेंगे नया औद्योगिक केंद्र : मोहन यादव