1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. North Nigeria, terrorism, village attack

उत्तरी नाइजीरिया में गांव पर हमला, 45 की मौत

North Nigeria
अबुजा। उत्तरी नाइजीरिया के एक गांव पर हुए हमले में कम से कम 45 लोग मारे गए। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी। देश के कुछ हिस्सों में बढ़ती हुई असुरक्षा के बीच हिंसा की यह एक ताजा घटना है।


अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि शनिवार को उत्तरी राज्य कडुना में ग्वास्का गांव पर हमला क्यों किया गया था। कडुना के पुलिस आयुक्त ऑस्टिन इवार ने बताया कि पहले 12 शव बरामद किए गए उसके बाद आज 33 शव और बरामद किए गए। कडुना के बिरनिन-ग्वारी क्षेत्र में स्थित ग्वास्का गांव में कई घने जंगल हैं और यह गांव डाकुओं के आतंक के लिए जाना जाता है।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी ने अफ्रीका की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और सर्वाधिक आबादी वाले देश नाइजीरिया को सुरक्षित बनाने के वादे के साथ 2015 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की थी। नाइजीरिया में 2019 में होने वाले चुनाव को लेकर बुहारी अपने वादों को पूरा करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

बुहारी के आलोचकों और विरोधियों ने नाइजीरिया में जारी संघर्षों से निपटने में उनकी भूमिका पर सवाल उठाया है। नाइजीरिया में बोको हराम से लेकर इस्लामिक स्टेट जैसे आतंकवादी संगठन भी काफी सक्रिय हैं। इसके अलावा देश में किसानों और चरवाहों के बीच बढ़ते हुए संघर्ष भी हिंसा का एक महत्वपूर्ण कारण है। (वार्ता)
अगला लेख
गृह मंत्रालय का अलर्ट, 13 राज्यों में तबाही मचा सकता है तूफान