1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Narendra Modi Joko Vidodo Kite Exhibition

जकार्ता में भारतीय महाकाव्यों पर आधारित 'पतंग प्रदर्शनी' का मोदी, विदोदो ने किया उद्घाटन

Narendra Modi
जकार्ता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो ने जकार्ता के 'नेशनल मॉन्यूमेंट' में पहली बार आयोजित संयुक्त 'पतंग प्रदर्शनी' का उद्घाटन कर पतंगबाजी में हाथ आजमाया। प्रदर्शनी भारत के महाकाव्यों 'रामायण' और 'महाभारत' की थीम पर आधारित है। भारत और इंडोनेशिया के बीच मजबूत सभ्यताकालीन संबंधों को दर्शाने वाली 'पतंग प्रदर्शनी' में दोनों नेताओं ने पतंगबाजी भी की।
 
 
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 'रामायण' और 'महाभारत' की थीम पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन दोनों नेताओं ने एकसाथ किया। बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने जकार्ता के लयांग-लयांग संग्रहालय और अहमदाबाद के पतंग संग्रहालय के बीच हुए समझौते का स्वागत किया, साथ ही दोनों ने जकार्ता के 'नेशनल मॉन्यूमेंट' में रामायण और महाभारत की थीम पर आधारित पहली संयुक्त 'पतंग प्रदर्शनी' की सराहना भी की।
 
प्रदर्शनी की थीम के अनुरूप कई पतंगों पर भगवान राम, रावण का वध करते भी नजर आए। रामायण थीम को इंडोनेशियाई आयोजकों और महाभारत थीम को भारतीय आयोजकों ने डिजाइन किया है। मोदी पूर्वी एशिया के 3 देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में मंगलवार को इंडोनिशया की राजधानी जकार्ता पहुंचे थे। इंडिया की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' को मजबूत करने के लिए इस दौरान मोदी मलेशिया और सिंगापुर भी जाएंगे। (भाषा)
अगला लेख
राहुल की मंदसौर रैली के लिए शर्तें कम हुईं, लेकिन प्रशासन पर अब भी दबाव