1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Rahul Gandhi Congress President

राहुल की मंदसौर रैली के लिए शर्तें कम हुईं, लेकिन प्रशासन पर अब भी दबाव

Rahul Gandhi
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मंदसौर में 6 जून को होने वाली कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के लिए प्रशासन द्वारा कथित तौर पर 19 शर्तें लगाए जाने को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि अब शर्तें कम कर दी गई हैं, लेकिन अब भी प्रशासन पर शिवराज सरकार का बहुत दबाव है।
 
 
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि प्रशासन ने जो शर्तें लगाई थीं उनमें से ज्यादातर शर्तें हटा ली गई हैं। अब इस रैली के लिए सामान्य प्रक्रियाओं का ही पालन करना होगा। वैसे ऊपर से भले ही सबकुछ ठीक दिख रहा हो लेकिन अब भी प्रशासन पर भारी दबाव है। उन्होंने दावा किया कि शिवराज सरकार से किसान बहुत परेशान हैं इसलिए उसने पूरा प्रयास किया कि राहुल गांधी किसानों के बीच नहीं पहुंचें।
 
गौरतलब है कि राहुल मंदसौर में किसानों पर गोलीबारी की घटना की पहली बरसी पर वहां रैली करने जा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि इसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। इस रैली के लिए कुछ दिनों पहले प्रशासन की ओर से 19 शर्तें लगाईं गई थीं जिसका कांग्रेस ने विरोध किया था। उसका आरोप था कि शिवराज सरकार राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली से डर गई है इसलिए ढेरों शर्तें लगा रही है। (भाषा)
अगला लेख
एसबीआई के ग्राहकों के लिए खुशखबर, एफडी की दरें इतनी बढ़ीं