सम्बंधित जानकारी
- ट्रंप बोले, भारत के पास बहुत पैसा, क्यों दें 21 मिलियन डॉलर की मदद?
- Ukraine को उसकी ही शांति वार्ता में नहीं बुलाया, इतिहास में ऐसे ढेरों उदाहरण, परिणाम विनाशकारी
- कनाडा में रनवे पर पलटा विमान, 80 लोग थे सवार
- Israel ने लेबनान में किया ड्रोन से हमला, हमास का सैन्य अभियान प्रमुख ढेर
- यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की पहुंचे संयुक्त अरब अमीरात, शांति वार्ता की जगी उम्मीद
जापान के पूर्व पीएम फुमियो किशिदा पर किया था हमला, 10 साल की जेल
Japan news in hindi : जापान की एक अदालत ने 2023 में एक चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा पर देसी पाइप बम फेंकने के आरोपी को बुधवार को दोषी करार दिया और उसे 10 साल जेल की सजा सुनाई गई।
रयुजी किमुरा (25) पर 15 अप्रैल, 2023 को पश्चिमी शहर वाकायामा में किशिदा पर हमले के लिए हत्या के प्रयास का आरोप था। इसके अलावा, उस पर विस्फोटकों और अन्य हथियारों से संबंधित कानूनों के उल्लंघन सहित 4 अन्य आरोप भी लगाए गए थे।
जापान के सरकारी टेलीविजन और अन्य मीडिया के अनुसार, वाकायामा जिला न्यायालय ने अपने फैसले में किमुरा को 10 साल की जेल की सजा सुनाई है, हालांकि अदालत ने यह नहीं बताया कि उसे किन 5 आरोपों में दोषी पाया गया है।
फरवरी की शुरुआत में मुकदमे की शुरुआत में किमुरा ने हत्या के प्रयास के आरोप से इनकार किया था और खुद को बेगुनाह बताते हुए कहा था कि उसका किशिदा को मारने का इरादा नहीं था। इस घटना में तत्कालीन प्रधानमंत्री को कोई चोट नहीं आई थी लेकिन दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं। किमुरा को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पश्चिमी जापान के एक अन्य शहर नारा में एक चुनाव प्रचार अभियान के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या के लगभग एक साल बाद किशिदा पर यह हमला हुआ था। (भाषा)
edited by : Nrapendra Gupta
