गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. खोज-खबर
  3. रोचक-रोमांचक
  4. 10 Dangerous Islands
Written By अनिरुद्ध जोशी

विश्‍व के 10 खतरनाक टापू, यहां अपनी रिस्क पर ही जाएं

खतरनाक हैं विश्व के ये 10 आईलैंड, जिंदगी का सबसे बड़ा रोमांच यहीं पर

10 Dangerous Islands
चलिए जानते हैं विश्व के 10 खतरनाक आईलैंड के बारे में रोचक जानकारी। आईलैंड अर्थात द्वीप या चारों ओर जल से घिरा टापू। प्रकृति के अद्भुत नजारे देखने के लिए अक्सर लोग यहां छुट्टियां बिताने जाते हैं। विश्‍व में छोटे-बड़े मिलाकर लगभग 2 लाख से अधिक आईलैंड हैं। भारत में ही लगभग 1,000 से अधिक आईलैंड हैं।
 
दुनिया में बड़े द्वीपों में ग्रीनलैंड, न्यू गिनी, बोर्निया, मेडागास्कर, बाफिन, बहामास, सोलोमन, जापान, फिलीपींस, ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, कनाडा, फिनलैंड, यूके, मॉरिशस, मालदीव आदि द्वीपीय देशों के नाम तो आपने सुने ही होंगे। यहां हजारों छोटे-बड़े द्वीप हैं। परंतु हम आपको बताएंगे दुनिया के सबसे खतरनाक 10 द्वीपों के बारे में।
 
1. सबा आईलैंड, नीदरलैंड्स ( saba island netherlands ) : आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि नीदरलैंड्स के सबा नामक आईलैंड पर दुनिया में सबसे ज्यादा समुद्री तूफान आते हैं। इस तूफान की वजह से आईलैंड के आसपास कई जहाज टूटकर डूब गए हैं। यदि आप तूफानों का मजा लेना चाहते हैं और खतरा उठाने के लिए तैयार हैं तो महज 13 वर्ग किलोमीटर में फैले इस सुंदर से टापू पर जा सकते हैं। फिलहाल इस आईलैंड पर 2,000 के करीब लोग रहते हैं।
 
2. लूज़ोन आईलैंड, फिलीपींस ( luzon island philippines) : इस आईलैंड को खतरनाक और सक्रिय ज्वालामुखी 'ताल वॉल्कैनो' के कारण जाना जाता है। इसके क्रेटर में एक ज्वालामुखीय झील है, जो ताल झील कहलाती है। इसे देखने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। लेकिन पर्यटकों को पहले से ही यह चेतावनी भी दे दी जाती है कि कब ज्वालामुखी विस्फोट हो जाए, कोई नहीं जानता। हाल ही में ऐसा हुआ भी था जिसके बाद आसपास के इलाकों को आनन-फानन में खाली करा लिया गया था।
 
3. रामरी आईलैंड, म्यांमार (ramree island burma) : यदि आप असंख्य मगरमच्छ देखना चाहते हैं तो बर्मा के राम्री आईलैंड पहुंच जाएं जिसे 'मगरमच्छों का आईलैंड' भी कहते हैं। यहां खारे पानी की कई झीलें हैं, जो खतरनाक मगरमच्छों से भरी पड़ी हैं। इस आईलैंड का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है, क्योंकि इस द्वीप पर रहने वाले खतरनाक मगरमच्छों ने सबसे ज्यादा लोगों को नुकसान पहुंचाया है।
 
4. नॉर्थ सेंटिनल आईलैंड, भारत ( north sentinel island india) : अंडमान द्वीप समूह में स्थित नॉर्थ सेंटिनल आईलैंड जितना सुंदर है, उतना ही खतरनाक भी। यहां घूमना और प्रकृति के नजारों के साथ ही जंगली पशु और पक्षियों को देखना बहुत ही रोमांचकारी है। परंतु यहां का सबसे बड़ा खतरा है यहां की जनजातियां, जो इस द्वीप पर किसी भी बाहरी को आने नहीं देती हैं और जान से मार देती हैं। हालांकि कई लोग यहां अपनी रिस्क पर घूम-फिरकर आ जाते हैं।
 
5. इल्हा दा क्विमाडा आईलैंड, ब्राजील ( ilha da queimada grande (snake island) brazil) : इल्हा डा क्वीमाडा या क्विमाडा का दूसरा नाम स्नैक आईलैंड अर्थात सांपों का द्वीप है। ब्राजील का यह द्वीप हजारों गोल्डन लांसहैड वाइपर्स का घर है। यह दुनिया की सबसे जहरीली प्रजाति का खतरनाक सांप है। इसके फुफकारने से ही इंसान का मांस गलने लगता है। यहां जिसने भी जाने की कोशिश की, वह जिंदा लौटकर नहीं आया। ब्राजील की नौसेना ने यहां जाने पर प्रतिबंध लगा रखा है। हालांकि कई लोग यहां अपनी रिस्क पर घूम-फिरकर आ जाते हैं।
 
6. डेंजर आईलैंड, मालदीव (danger island maldives ): मालदीव के दक्षिण में 800 किलोमीटर की दूरी पर स्थित डेंजर आईलैंड अपने डरावने नाम के चलते इस लिस्ट में शामिल है। यह नाम इसके शुरुआती खोजकर्ताओं ने इसे दिया है। इस द्वीप के बीच सुरक्षित लंगर की कमी होने के चलते यह द्वीप खतरनाक माना जाता था। हालांकि यहां के नजारे बेहद ही खूबसूरत हैं। यहां घूमने का रोमांच ही कुछ और है।
 
7. आईसोल ला गैओला आईलैंड, इटली ( Isole La Gaola 'Island, Italy ) : नेपल्स की खाड़ी में स्थित इस छोटे से लेकिन सुंदर आईलैंड की कहानी बेहद ही भयानक है। कहते हैं कि इसे खरीदने वाले की या तो मौत हो जाती है या फिर उनके और उनके परिवार के साथ कोई-न-कोई अनहोनी हो जाती है। इस द्वीप को खरीदने वाले कई मालिकों की यहां मौत हो चुकी है। अब यह आईलैंड सरकार के अधीन है और कई सालों से वीरान पड़ा है। हालांकि यहां लोग अपनी रिस्क पर ही घूमने के लिए आते हैं, लेकिन वो भी रात होने से पहले ही यहां से निकल जाते हैं।
 
8. सेबल आईलैंड, अटलांटिक महासागर ( Sable Island, Atlantic Ocean ): अटलांटिक महासागर में स्थित इस द्वीप को 'सेबल आईलैंड' के नाम से जाना जाता है। 42 किलोमीटर लंबे और 1.5 किलोमीटर चौड़े इस आईलैंड को 'रेत का आईलैंड' और 'दरिया का कब्रिस्तान' भी कहा जाता है। यहां 300 से भी अधिक जहाज दुर्घटनाग्रस्त होकर डूब चुके हैं। इसके पीछे वजह ये है कि दूर से यह आईलैंड समुद्र के पानी की तरह ही दिखता है, इससे अधिकतर जहाज धोखा खा जाते हैं और रफ्तार अधिक होने के कारण इससे टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। हालांकि यहां पर हेलीकॉप्टर से जाना ज्यादा सुरक्षित हो सकता है।
 
9. मियाकेजीमा आईलैंड, जापान ( miyajima Or Miyake island japan ): जापान के इज़ू द्वीपों में स्थित मियाकेजीमा सक्रिय ज्वालामुखी माउंट ओयामा के कारण प्रसिद्ध है, जो कई बार फूट चुका है। 2005 में भयानक विस्फोट हुआ था जिसके चलते जहरीली गैसों का रिसाव हो रहा है जिससे निवासियों को यहां जाने पर हर समय गैस मास्क ले जाने की आवश्यकता होती है। रोमांच के शौकीन लोग यहां भी घूमने जाते हैं। 
 
10. रीयूनियन आईलैंड, हिन्द महासागर ( reunion island sharks ): यह फेमस टूरिस्ट स्पॉट है, परंतु भारी संख्‍या में शॉर्क की मौजूदगी के चलते यह बहुत ही खतरनाक है। यहां घूमना आपकी जिंदगी का सबसे बड़ा रोमांच साबित हो सकता है, क्योंकि इस द्वीप पर सक्रिय ज्वालामुखी, हरे-भरे जंगल, बहते झरने और हैरत में डालने वाले प्रकृति के दूसरे चमत्कार भी हैं। 
ये भी पढ़ें
भाटिया जी की ड्राइविंग : होश उड़ा देगा यह मस्त जोक