1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Congress leaders sat in the mud on the road

इंदौर में कीचड़भरी सड़क पर बैठे शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू, दो साल से अधूरी सड़क से लोग परेशान

congress
इंदौर की खराब सड़कों के लिए अब लोगों को तरह तरह के विरोध करना पड़ रहा है। हाल ही में इंदौर में एक सड़क की बदहाल हालत को सुधारने की मांग के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे लोगों के साथ कीचड़भरी सड़क पर बैठ गए। यह सड़क बॉम्बे हॉस्पिटल की सर्विस रोड है।

शहर की बदहाल सड़कों और गड्ढों के कारण हो रही जन परेशानी की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए कांग्रेस नगर अध्यक्ष चिंटू चौकसे बुधवार सुबह 10 बजे कीचड़ से भरी सड़क पर धरने पर बैठ गए। रहवासियों का आरोप है कि पिछले 2 वर्षों से वे इस दयनीय स्थिति का सामना कर रहे हैं, क्योंकि ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत अब तक नहीं कराई गई है।

कांग्रेस नगर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि नगर निगम प्रशासन और महापौर को नींद से जगाने के लिए अनूठा प्रदर्शन किया। चिंटू चौकसे ने कहा कि बॉम्बे हॉस्पिटल के पास स्थित यह सर्विस रोड बीते कई समय से बेहद खराब स्थिति में है। यहां से गुजरने वाले आम नागरिकों और वाहन चालकों को हर दिन दुर्घटनाओं और भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने बताया कि 2 वर्ष पूर्व ड्रेनेज लाइन डालने के लिए इस सड़क की खुदाई की गई थी, जिसके बाद से इसे अपने हाल पर छोड़ दिया गया। बारिश के मौसम में यह सड़क कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन लोग गाड़ियों समेत गिरकर चुटिल हो रहे हैं। चौकसे ने कहा कि यह केवल एक क्षेत्र की बात नहीं है, बल्कि इंदौर शहर के कई इलाकों में सड़कों का यही हाल है।

कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि अगले 5 दिनों के भीतर इस सड़क की स्थिति को सुधार कर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन करेगी और शहर में चक्का जाम करने के लिए बाध्य होगी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि शहर भर की सभी खस्ताहाल सड़कों की अविलंब मरम्मत की जाए।
अगला लेख
अब दान की एक-एक पाई का होगा हिसाब, बांके बिहारी मंदिर के दान पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश