हर रात घर लौटते हुए सोचता हूँ
- नवल
|
दिन भर की थकान मिटाने के लिए
मेरे ऊपर एक छत है
छत के नीचे एक बिस्तर
बिस्तर पर एक तकिया
और तकिये पर एक इत्मीनान
घर और इत्मीनान और नींद और ख्वाब
सबके हिस्से में नहीं हैं एक साथ
किसी के पास घर है पर इत्मीनान नहीं
किसी के पास नींद है पर ख्वाब नहीं
और जिनके पास ख्वाब हैं
उनके पास न तो नींद है, न इत्मीनान
वे घर का ख्वाब देखते ही रह जाते हैं।
साभार : वागर्थ

