1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार

सौ सुखों से सौ गुना बढ़कर

सौ
राजकुमार कुंभज
NDND
दुख का एक पल

सौ सुखों से सौ गुना बढ़कर

सौ मील दूर खड़ा है

दुख का कद सुख से बहुत बड़ा है

क्योंकि दुख ही साफ-सफाई करता है सुख की

तो कैसे मिलता, कहाँ से मिलता

आग में तपकर खरा सोना होने का सुख?

दुख तपाता है

दुख सताता है

दुख ही है जो गुनगुनाता है जीवन

दुख ही बनाता है आदमी को लोहा

एक ऐसा लोहा

कि ले सके लोहे से लोहा

आदमी के भीतर का लोहा बड़ा होता है

ये वही लोहा होता है

जो किसी भी आतताई की तोपों के खिलाफ

कहीं भी खड़ा होता है

दुख है तो आग है

आग है तो दुख है

जो भीतर ही भीतर सुरंग की तरह

किंतु अदृश्य

पकता लोहा

दुख का एक पल

सौ सुखों से सौ गुना बढ़कर

सौ मील दूर खड़ा है

दुख का कद सुख से बहुत बड़ा है

सुख सोचिए तो नाश्ते में आलूबड़ा है

और दुख है कि हीरे जैसा जड़ा है

कुछ इसलिए भी सुख नहीं दुख सोचिए

दुख ही सिखाता है मनुष्य होना।