1. लाइफ स्‍टाइल
  2. साहित्य
  3. काव्य-संसार
  4. माँ तूने मुझे क्या दिया ?

माँ तूने मुझे क्या दिया ?

माँ
ND
ND
इस बात का मलाल सदा रहा
माँ तूने मुझे क्या दिया ... ?

लुटा दिया सब कुछ
मुझ पर
पर फिर भी दूसरों को देख
कह उठती हूँ मैं
माँ तूने मुझे क्या दिया ...?

करती हूँ शिकायत उसी से
जिसने हर तिरस्कार को झेल
मुझे दिलाया सम्मान
जिसके कारण ही आज
दुनिया जानती है मेरा नाम

तेरा वो संघर्ष, वो आँसू
वो दुनियादारी की
सिखाई बातें
वो टपकती छत के नीचे
तेरे आँचल की छाँव में

बीती गीली रातें
कैसे भूल जाऊँ मैं ?

कैसे करूँ उस औरत से शिकायत
जो आज भी तिनका-तिनका जोड़
बुनती जा रही है
खुशियों का आशियाना
जिसकी बदौलत आज
मैं हूँ बेफ्रिक
और करती हूँ स्वच्छंद आसमान से
परिंदा बन मन की बातें

माँ ये तेरा कसूर नहीं
अब बदल गया है जमाना
दुनिया करती है ऐसी बातें
कि माँ पुरानी है और नया है जमाना

दुनिया की बात छोड़
क्यों न हम करे अपनी बातें
मैं माँ से जुड़ी हूँ और
माँ से ही जुड़ी है मेरी हर साँसें
जब कभी कही संस्कारों की बात आती है
मेरी माँ सबसे पहले तब
तू मुझे याद आती है

तभी तो अब
कहती हूँ मैं शान से
माँ को भूलाना आसान नहीं
देख लो तुम दुनिया सारी पर
माँ सा सच्चा कोई इंसान नहीं।
लेखक के बारे में
गायत्री शर्मा