1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. साहित्य
  4. »
  5. काव्य-संसार

प्रेम नहीं होता गुनाह कभी

प्रेम
-आकांक्षा पारे
NDND
बचपन में कहती थी माँ
प्यार नहीं होता हँसी खेल
वह पनपता है दिल की गहराई में।

रोपे गए उस बीज से
जिस पर पड़ती है आत्मीयता की खाद
होता है विचारों का मेल।

साथ ही समझाती थी माँ
प्रेम नहीं होता गुनाह कभी।

वह हो सकता है कभी भी
उसके लिए नहीं होते बंधन
और न वह कैद है नियमों में।

आज अचानक बदल रही है माँ
अपनी ही परिभाषा।

उसके चेहरे पर उभर आया है भय
जैसे किया हो कोई अपराध उसने।

अब समझाती है वह
परियों और राजकुमारियों के किस्सों में।

पनपता है प्यार
या फिर रहता है
किताबों के चिकने पन्नों पर।

लेकिन एक दिन आएगा
जब तुम कर सकोगी प्यार,

सच में
ज़माना बदल जाएगा

प्रेम का रेशमी अहसास
उतर आएगा खुरदुरे यथार्थ पर

तब तक, बस तबतक!
बंद रखो अपनी आँखें
और समेट लो सुनहरे सपने।

साभार : वागर्थ