तुम्हारी उँगलियों की तरह
गोविंद कुमार गुंजन
ND
मैदानों में चला आया है जाड़ा
किसी तिब्बती लड़की की तरह।
तुम्हारे सफेद कार्डिगन के आसपास
आजकल बहुत देर ठहरे रहता है जाड़ा
मेरी नजरों की तरह।
हरसिंगार के फूलों से उतरकर
रोशनदान, दरवाजे और खिड़कियों तक,
फिर हमारे आँगन तक
चला आया है जाड़ा किसी खुशखबर की तरह।
पहाड़ों से मैदानों तक
समूचा फासला तय करते हुए
इन फूलों और तुम्हारे कार्डिगन को छूते हुए
कमरे में जलती हुई अंगीठी के पास
वह छूने लगा है मेरा बदन
तुम्हारी उँगलियों की तरह।

