हरियाणा चुनाव के लिए AAP ने जारी की तीसरी सूची, अब तक 40 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
Haryana elections : आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तीसरी सूची जारी की। पार्टी ने 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में से अब तक 40 सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है।
आप ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर कोई सहमति न बन पाने के कारण अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया। पार्टी ने मंगलवार को पहले 9 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की। इसके बाद देर रात 11 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की गई। तीनों सूचियों में आप की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष सुशील गुप्ता का नाम नहीं है।
अपनी तीसरी सूची में, आप ने गढ़ी सांपला-किलोई निर्वाचन क्षेत्र से हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के खिलाफ प्रवीण गुसखानी को मैदान में उतारा है।
रादौर से भीम सिंह राठी, नीलोखेड़ी से अमर सिंह, इसराना से अमित कुमार, राई से राजेश सरोहा, खरखौदा से मंजीत फरमाना, कलानौर से नरेश बागरी, झज्जर से महेंद्र दहिया, अटेली से सुनील राव, रेवाड़ी से सतीश यादव और हथीन से राजेंद्र रावत को टिकट दिया गया है।
विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 12 सितंबर है। 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा। मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।
गौरतलब है कि कांग्रेस और आप ने दिल्ली में लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था जबकि पंजाब में उन्होंने अलग-अलग चुनाव लड़ा था। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने हरियाणा में आप को एक सीट दी थी, जिस पर उसकी हार हुई थी।
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें