1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. फीफा विश्व कप 2018
  4. FIFA World Cup 2018, England-Croatia football match

FIFA WC 2018 : हैरी केन ने जताई निराशा, हार का दर्द लंबे समय तक सताएगा

FIFA World Cup 2018
मॉस्को। इंग्लैंड के स्टार स्ट्राइकर हैरी केन ने क्रोएशिया से फीफा विश्वकप सेमीफाइनल में मिली शिकस्त पर गहरी निराशा जताते हुए कहा है कि यह हार टीम को लंबे समय तक सताती रहेगी। क्रोएशिया ने अतिरिक्त समय में विजई गोल कर इंग्लैंड को 2-1 से हराते हुए पहली बार विश्वकप फाइनल में प्रवेश किया है और अब वह खिताब के लिए फ्रांस से मुकाबला करेगी।


मैच के बाद निराश इंग्लिश स्ट्राइकर ने कहा, यह बहुत मुश्किल है, हम बहुत दुखी हैं। हमने बहुत मेहनत की थी, प्रशंसकों ने बहुत समर्थन किया, यह मुश्किल मैच था और 50-50 मौका दोनों टीमों के पास था। हम वापिस जाकर देखेंगे कि किस दिशा में हम बेहतर कर सकते थे।

केन ने कहा हम जितनी मेहनत कर सकते थे हमने की, यह बहुत दर्दनाक है, आपको ऐसी हार का दर्द तब अधिक होता है जब आप काफी आगे तक पहुंच गए हों, हमारा टूर्नामेंट में सफर बहुत अच्छा रहा और हमने जितना सोचा था उससे आगे तक आए।

इंग्लिश खिलाड़ी ने कहा हमने अच्छे मौके बनाए और 1-0 से बढ़त भी ली, लेकिन बाद में हम गेंद पर उतना दबाव नहीं बना सके। अब बहुत बातें की जा रही हैं लेकिन हार का अंतर काफी कम था। यह कहना मुश्किल है कि हम कहां गलत हो गए। हम काफी कुछ बेहतर कर सकते थे। लेकिन क्रोएशिया ने हमसे बेहतर किया और हमारे लिए स्थिति मुश्किल की। हम किसी पर उंगली नहीं उठा सकते हैं। (वार्ता)
अगला लेख
FIFA WC 2018 : कोच व खिलाड़ियों को भरोसा, फाइनल में फ्रांस को हराएगा क्रोएशिया