गुरुवार, 28 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. एक्सप्लेनर
  4. Shashi Tharoor will contest the election of Congress President?
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : शुक्रवार, 2 सितम्बर 2022 (18:13 IST)

एक्सप्लेनर: शशि थरूर लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव?

एक्सप्लेनर: शशि थरूर लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव? - Shashi Tharoor will contest the election of Congress President?
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को सितंबर में नया अध्यक्ष मिल जाएगा। कांग्रेस में लंबे इंतजार के बाद हो रहे अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी और नेताओं की दावेदारी की अटकलें लगना शुरु हो गई है। जैसे कांग्रेस में अध्यक्ष के चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे कांग्रेस का नया अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर अटकलों का दौर भी तेज होता जा रहा है। 
 
कांग्रेस का एक गुट जहां राहुल गांधी को पार्टी का अध्यक्ष बनाने जाने की मुहिम में जुटा हुआ है तो दूसरी ओर कांग्रेस में लंबे से संगठनात्मक ढांचे में सुधार का बिगुल बजाने वाले नेता भी चुनाव लड़ने की दौड़ में दिखाई दे रहे है। ऐसा ही एक नाम कांग्रेस से सीनियर लीडर शशि थरूर का है। शशि थरूर के कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने की अटकलें काफी तेज है, इतना ही नहीं शशि थरूर के बयानों से उनके चुनाव लड़ने के संकेत मिल रहे है। 
 
थरूर के बयानों से मिले संकेत?- तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बयानों से लगातार इस बात के संकेत मिल रहे है कि वो कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगे। पिछले दिनों शशि थरूर ने अपने एक लेख में कहा कि “कांग्रेस में एक नए अध्यक्ष का चुनाव करना पुनरुद्धार की ओर एक शुरुआत है, जिसकी कांग्रेस को सख्त जरूरत है। मैं उम्मीद करता हूं कि चुनाव के लिए कई उम्मीदवार सामने आएंगे। उन्होंने आगे लिखा कि पार्टी को पूरी तरह से पुनर्जीवित करने की जरूरत है लेकिन नेतृत्व के जिस पद को तत्काल भरने की जरूरत है वह स्वाभाविक रूप से कांग्रेस अध्यक्ष का पद है”। शशि थरूर ने आगे कहा कि उनकी जानकारी में कांग्रेस से 2 से 3 लोग अध्यक्ष का चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे है, जो पार्टी के लिए अच्छा है। चुनाव लड़ने की अटकलों की बीच शशि थरूर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की बात कर चुके है। 
 
वोटर लिस्ट सार्वजनिक करने की मांग?-शशि थरूर की चुनाव लड़ने की अटकलों को शुक्रवार को उस वक्त और बल मिल गया जब शशि थरूर ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखकर अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित करने की मांग की है। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव के लिए 9000 से अधिक प्रतिनिधि  मतदान कर सकेंगे। पार्टी का नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरु होगी। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को चुनाव होगा और 18 अक्टूबर को चुनाव होगा। 
 
बागी नेता के तौर पर थरूर की पहचान?- शशि थरूर कांग्रेस के  G-23  गुट के उन नेताओं में से एक थे, जिन्होंने पार्टी में पूर्णकालिक अध्यक्ष और संगठन में बदलाव करने की मांग को लेकर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को चिट्ठी लिखी थी। कांग्रेस में G-23 गुट को बागी गुट के रूप में देखा जाता है। पिछले दिनों कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले गुलाम नबी आजाद और कपिल सिब्बल भी G-23  के नेताओं में शामिल थे। वहीं लगातार पार्टी के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले मनीष तिवारी, आनंद शर्मा, पृथ्वीराज चव्हाण जैसे सीनियर नेता भी G-23  में शामिल थे। 

कई मौके पर मोदी की कर चुके है तारीफ-इस साल पांच राज्यों में कांग्रेस की करारी हार के बाद कांग्रेस के सीनियर नेता शशि थरूर सार्वजनिक तौर पर पीएम मोदी की तारीफ कर चुके है। थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डायनेमिक लीडर बताते हुए कहा कि उनके भाषण देने और कार्य करने की शैली लोगों को प्रभावित करती है। 
इसके साथ ही शशि थरूर अपनी किताब ‘प्राइड, प्रेजुडिस एंड पंडित्री: द एसेंशियल शशि थरूर’ में भी पीएम मोदी की तारीफ कर चुके है। अपनी किताब में थरूर ने लिखा कि ‘पटेल के बाद मोदी’ का संदेश गुजरातियों को पंसद आता है। थरूर ने अपनी किताब में लिखा है कि  ‘पटेल राष्ट्रीय अपील और गुजराती मूल दोनों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो मोदी के अनुकूल है. ‘पटेल के बाद मोदी - यह संदेश कई गुजरातियों के साथ अच्छी तरह से गूंजा है। भारत के कई शहरी मध्यम वर्ग भी साथ हैं, जो मोदी को अनिर्णय की स्थिति को दूर करने के लिए एक मजबूत नेता के रूप में देखते हैं। 
 
इसके साथ शशि थरूर ने 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार और भाजपा की जीत पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करने पर और मोदी के स्वच्छता अभियान का न्योता स्वीकार करने के बाद  केरल कांग्रेस ने उन्हें  नोटिस दिया था और थरूर को कांग्रेस के प्रवक्ता पद से हटा दिया गया था।   

क्या राहुल को चुनौती देंगे थरूर?-कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कार्यक्रम का एलान होने के साथ कांग्रेस का एक गुट राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहा है वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रहे है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि अगर राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन भरते है तो क्या शशि थरूर राहुल गांधी को चुनौती देते हुए नजर आएंगे। हलांकि अभी न तो राहुल गांधी और न ही शशि थरूर ने स्पष्ट रूप से साफ किया है कि वह कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ेंगे।  
 
ये भी पढ़ें
महंत मुरुगा शरणारू ने सीने में दर्द की शिकायत की, अज्ञात स्थान पर पुलिस ने की पूछताछ