शुक्रवार, 22 सितम्बर 2023
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. congress presidential election : shashi tharoor letter to madhusudan mistri
Written By
पुनः संशोधित: शुक्रवार, 2 सितम्बर 2022 (12:51 IST)

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव : मधुसूदन मिस्त्री को थरूर का पत्र, मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री को पत्र लिखकर उनसे अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष पद के आगामी चुनाव के लिए मतदाता सूची प्रकाशित करने की मांग की है।

ऐसी खबर है कि असम के सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने भी मिस्त्री को पत्र लिखकर मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग की है। दोनों दिग्गजों ने ऐसे समय में पत्र लिखे हैं जब मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग दिन-प्रतिदिन जोर पकड़ रही है और पार्टी के भीतर इस पर बहस तेज हो गई।
 
मीडिया खबरों के अनुसार, अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे थरूर ने मिस्त्री को पत्र लिखा और मतदाता सूची प्रकाशित करने की मांग की। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में 10 प्रस्तावक शामिल हैं जो प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रतिनिधि होंगे।
 
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा है कि इन प्रतिनिधियों के बारे में जानना महत्वपूर्ण है क्योंकि अगर उनका नाम अंतिम सूची में नहीं आता तो नामांकन पत्र खारिज हो सकता है।
 
बहरहाल, मिस्त्री ने कहा है कि पार्टी के अध्यक्ष पद के चुनाव से जुड़ी पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और कांग्रेस के संविधान के मुताबिक है। उन्होंने इस हफ्ते की शुरुआत में कहा था कि पार्टी के संविधान के अनुसार निर्वाचक मंडल (डेलीगेट) की सूची को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, लेकिन उम्मीदवारों को यह उपलब्ध कराई जा सकती है।
 
मणिकम टैगोर ने दिया जवाब : कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने मतदाता सूची सार्वजनिक करने की मांग कर रहे नेताओं को जवाब दिया कि उन्हें भ्रम नहीं फैलाना चाहिए और मुक्त व्यवस्था पर गर्व होना चाहिए।
 
कब होंगे चुनाव : कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव की अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी और नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक होगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख आठ अक्टूबर होगी और अगर जरूरत पड़ी तो 17 अक्टूबर को चुनाव कराए जाएंगे। नतीजों की घोषणा 19 अक्टूबर को की जाएगी।
 
ये भी पढ़ें
दुनिया में एक से ज्यादा विमानवाहक वाला चौथा देश बना भारत, कैसे 1971 के INS VIKRANT से है अलग