1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. दिल्ली हिंसा
  4. 2 youth arrested for spreading rumors in Delhi

Delhi violence : अफवाह फैलाने वाले 2 युवक गिरफ्तार, दिल्ली में हालात पूरी तरह शांत

Delhi violence
नई दिल्ली। रविवार को दिल्ली में सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने वाले 2 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। देर शाम अचानक सोशल मीडिया के जरिए अफवाहों का बाजार गर्म हो गया और देखते ही देखते कई मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए थे लेकिन बाद में इन्हें खोल दिया गया। देर रात तक दिल्ली पूरी तरह शांत है और कहीं भी लोगों में घबराहट नहीं है।
 
जुआंरियों की धरपकड़ से माहौल हुआ गर्म : दरअसल दिल्ली पुलिस ने ख्याला में जुआंरियों के एक अड्‍डे पर छापा मारा था। यहां से कई लोग भागे और भागते-भागते अफवाह फैलाते चले गए। बाद में सोशल मीडिया पर माहौल खराब करने की कोशिश की गई। ख्याला ग्रामीण इलाका है, जो तिलकनगर से सटा हुआ है। अफवाह शाम साढ़े 7 बजे शुरू हुई, जो रात 10 बजे तक बनी रही।
 
रघुवीर नगर में फैली थी : ख्याला के समीप है रघुवीर नगर है और यहां भी शाम को अफवाह फैली। अफवाह यह थी कि ख्याला में  गोलीबारी हुई है। कुछ लोग मस्जिद में पहुंच गए हैं और नारेबाजी करने लगे हैं। ख्याला में दंगा हो गया है। चूंकि रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां महिलाओं की संख्या बहुत ज्यादा रहती है। अफवाह फैलने से भगदड़ मची लेकिन पुलिस ने जाकर समझाइश दी। जिन लोगों ने अपनी दुकाने बंद कर दी थी, वह वापस खुलवाई गई।
 
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च : जब लोगों की भीड़ में अफरातफरी मची तब पुलिस ने मोर्चा संभाला। बाद में पुलिस ने कई जगह फ्लैग मार्च किया। माइक के जरिए लोगों को समझाते रहे कि नागरिक शांत रहे। पुसिस की पेट्रोलिंग और मुस्तैदी की प्रशंसा होती रही। लोगों का यही कहना था कि यदि पिछले रविवार भी यही मुस्तैदी रहती तो दिल्ली में दंगे नहीं होते।
 
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील : दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता एमएस रंधावा ने कहा कि पिछले 4 दिनों से दिल्ली में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं घटी। उन्होंने अपील की कि लोग सोशल मीडिया पर अफवाहों पर ध्यान न दें। जो लोग अफवाहें फैला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, यह एक अपराध है। रंधावा ने कहा कि आम जनता 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
 
शाहीन बाग का ताजा हाल : रात 11 बजे बाद शाहीन बाग में माहौल पूरी तरह शांत है। यहां पर सोशल मीडिया के जरिए अफवाह थी कि 1 मार्च को कोई बड़ी कार्रवाई होने वाली है। धरने पर बैठे लोग चिंतित जरूर थे लेकिन उन्होंने पुलिस से संपर्क किया, जहां से उन्हें सही जानकारी मिली।
 
तिलकनगर में सिख कृपाण लेकर आ गए : तिलकनगर में गुरुद्वारे में संगत चल रही थी, तभी वहां अफवाह फैली कि कुछ लोग गुरुद्वारे पर हमला करने आ रहे हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में सिख संगत कृपाण और तलवार लेकर बाहर आ गए लेकिन बाद में पुलिस ने पहुंचकर बताया कि शहर की शांति भंग करने के लिए ये अफवाह फैलाई गई है। इसके बाद सभी लोग गुरुद्वारे में वापस आ गए।
 
दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी सड़कों पर : रविवार को जैसे ही अफवाहों का बाजार गर्म हुआ वैसे ही दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी सड़कों पर आ गए। शरारती तत्वों के मंसूबे कामयाब नहीं हो सके। दिल्ली के सभी संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर रखा है। दिल्ली में तनाव की अफवाह के बारे में पुलिस का कहना था कि पूरी दिल्ली में स्थिति शांत है और किसी तरह का तनाव नहीं है।
 
सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर : दिल्ली में अफवाह फैलाने का सबसे बड़ा जरिया सोशल मीडिया है। पुलिस ने कहा कि जो लोग भी सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाकर माहौल को खराब करने की कोशिश करेंगे, उन पर कड़ी कार्रवाही होगी। इस वक्त पुलिस सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रख रही है।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
Weather Prediction: फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज कुफरी, डलहौजी में बर्फबारी के बाद 'येलो' अलर्ट