1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. दिल्ली

पोस्टरों का ठंडा बाजार

होर्डिंग देख मेरे यार

चुनाव 2008
नई दिल्ली। चुनावी प्रचार पहले भी चलते रहे हैं और आगे भी चलते रहेंगे, लेकिन इस चुनाव में प्रचार के लिए जिस तरह से आउट होर्डिंग का सहारा लिया जा रहा है, वह अपने आप में नया जरूर है! जगह-जगह पोस्टर, पंपलेट लगाने पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन ने भाजपा व कांग्रेस को आउट होर्डिंग की ओर आकर्षित किया है। मार्केटिंग विशेषज्ञ आने वाले समय में भारत के विज्ञापन उद्योग में आउट होर्डिंग को एक सशक्त माध्यम मान रहे हैं।

राजधानी में चलते-चलते आपकी नजर अचानक सड़क किनारे लोहे के बड़े-बड़े पैनल पर या एनडीएमसी व डीटीसी के बस स्टॉपों पर भाजपा के सीएम इन वेटिंग विजय कुमार मल्होत्रा या कांग्रेसी मुख्यमंत्री शीला दीक्षित कुछ शब्दों में आपसे अपील करती दिखाई पड़ती हैं! मुस्कुराती हुईं शीला दीक्षित कहती हैं, विकास की डोर न पड़े कमजोर तो धीर-गंभीर विजय कुमार मल्होत्रा की अपील है, महंगी पड़ी कांग्रेस...। दरअसल इन आउट होर्डिंगों के लिए एमसीडी, एनडीएमसी व डीटीसी को अच्छी-खासी कीमत चुकाई गई है।

विज्ञापन के महारथी प्रसून जोशी ने हाल ही में अपने एक साक्षात्कार में बताया था कि भारत में आउट होर्डिंग के जरिए विज्ञापन के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उनके अनुसार मेट्रो शहरों में आउट होर्डिंग विज्ञापन का एक सशक्त जरिया है। मेट्रो में ट्रैफिक जाम एक आम समस्या है, लेकिन यह आउट होर्डिंग को लोगों की नजरों में प्रमुखता से ला देता है।

दो मिनट की लाल बत्ती पर जब लोग रुकते हैं तो अनायास ही उनक नजर आउट होर्डिंग पर लगाए गए विज्ञापनों पर चली जाती है और विज्ञापन का असली मकसद पूरा हो जाता है। उस साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि बदलते दौर में टेलीविजन की अपेक्षा आउट होर्डिंग अधिक सशक्त रूप है। इसकी वजह यह है कि टेलीविजन पर विज्ञापन आते ही लोग चैनल बदलना शुरु कर देते हैं।

ऐसा लगता है कि भाजपा व कांग्रेस ने भी आउट होर्डिंग के प्रभाव को समझ लिया है, तभी अधिक जाम वाली लालबत्तियों, बड़े फ्लाईओवरों और प्रमुख बस स्टैंडों पर ऐसे होर्डिंग के जरिए जनता से मत देने की अपील की गई है। वैसे देखा जाए तो दिल्ली में इसकी शुरुआत भाजपा ने किया था और संख्या के लिहाज से अभी भी वह कांग्रेस से आगे है। हाल ही में हुए एक सर्वेक्षण में भी इस बात की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरी तरफ चुनाव आयोग का डंडा भी पार्टियों को आउट होर्डिंग की तरफ खींच रहा है। अवैध तरीके से यहाँ वहाँ लगाए जा रहे होर्डिंग, पंपलेट पर लगी रोक की वजह से आउट होर्डिंग इस चुनाव में प्रचार का एक हॉट केक तरीका बन चुका है। (नईदुनिया)