• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव
  4. »
  5. दिल्ली
Written By ND

नाम भेजा था पर कट गया : हर्षवर्धन

चुनाव 2008
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति ने अंबेडकर नगर से विशाखा सैलानी का नाम तय भेजा था। राष्ट्रीय कार्य समिति ने उनके स्थान पर सुरेश पहलवान को टिकट दे दिया। यह कहना है भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन का।

अंबेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष विशाखा सैलानी का नाम चल रहा था। पार्टी ने यहाँ से सुरेश पहलवान को टिकट दे दिया। इसके विरोध में दो दिन पूर्व महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के घर पर प्रदर्शन भी किया था। आज प्रदेश भाजपा कार्यालय पर भी उन्होंने डा. हर्षवर्धन को घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति को टिकट दिया गया है वह आपराधिक छवि वाला है।

इस सीट पर श्रीमती सैलानी को ही टिकट देने की माँग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी हुई। पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से घिरे प्रदेशाध्यक्ष ने उन्हें बताया कि प्रदेश चुनाव समिति ने इस सीट पर श्रीमती सैलानी का ही नाम तय करके भेजा था। लेकिन राष्ट्रीय कार्य समिति ने काफी विचार करने के बाद उन्हें टिकट के लिए उपयुक्त नहीं समझा। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि वह केंद्रीय नेतृत्व तक उनकी भावनाओं को पहुँचा देंगे। (नईदुनिया)