1. समाचार
  2. दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020
  3. समाचार
  4. Delhi election : congress attacks Kejriwal on Shahin bagh

कांग्रेस का सवाल, शाहीन बाग पर क्यों चुप है केजरीवाल...

Delhi election
नई दिल्ली। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और पार्टी के दिल्ली प्रभारी पीसी चाको ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को आप और अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने CAA एवं NRC पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए केजरीवाल पर नरम हिंदुत्व की राजनीति करने का आरोप लगाया। चाको ने कहा कि जो धर्मनिरपेक्ष है उसे शाहीन बाग जाना चाहिए।
 
उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस भाजपा विरोधी दलों के साथ गठबंधन करती है, लेकिन अभी वह केजरीवाल को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि आम आदमी पार्टी के मुखिया भाजपा के विरोध में हैं।
चाको ने समाचार एजेंसी भाषा को दिए साक्षात्कार में कहा, 'CAA और NRC पर पूरे देश में विपक्षी पार्टियां बयान जारी कर रही हैं और विधानसभाओं में प्रस्ताव पारित हो रहे हैं। लेकिन केजरीवाल नहीं बोल रहे। इसीलिए हम कहते हैं कि वह भाजपा की बी टीम हैं।'
 
उन्होंने कहा कि शाहीन बाग में प्रदर्शन हो रहा है, जामिया में लड़कियों पर लाठी चार्ज हुआ, गोलीबारी हुई, लेकिन केजरीवाल नहीं गए। हमारे कई वरिष्ठ नेता गए। प्रियंका जी (उप्र में) विरोध प्रदर्शन के दैरान मारे गए कई लोगों के परिवारों से मिलने गईं।' कांग्रेस नेता ने कहा कि जो धर्मनिरपेक्ष है, उसे शाहीन बाग जाना ही चाहिए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की उम्मीद से जुड़े सवाल पर चाको ने कहा, 'इस चुनाव के बाद कांग्रेस एक निर्णायक फैक्टर होगी। सरकार होना या नहीं होना, कांग्रेस तय करेगी।' कांग्रेस के आप को समर्थन संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि पूरे देश में जो भी पार्टी भाजपा के खिलाफ है उसके साथ हम गठबंधन करेंगे, लेकिन केजरीवाल को लेकर हम आश्वस्त नहीं हैं कि वह भाजपा के खिलाफ हैं।'
 
उन्होंने यह दावा भी किया कि इस चुनाव में कांग्रेस को खारिज कर चुके लोग गलत साबित होंगे और पार्टी इस चुनाव में चौंकाने वाले नतीजे देगी।
अगला लेख
बड़ी खबर, FPI ने शेयरों में किया 12,000 करोड़ का निवेश