Dhanteras
Mon, 9 Nov 2026

Notifications

  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. आलेख
  4. Bowler Kuldeep Yadav, Kuldeep Yadav

शेन वार्न से सीखी ट्रिक काम आई : कुलदीप यादव

Bowler Kuldeep Yadav
धर्मशाला। अपने पदार्पण टेस्ट में चार विकेट लेकर सुर्खियों में आने वाले युवा चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने अपने पहले टेस्ट विकेट का श्रेय ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न से मिली ट्रिक को दिया।           
             
कुलदीप ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे और अंतिम टेस्ट में अपना पदार्पण किया और पहले ही दिन चार विकेट लेकर वे चर्चा में आ चुके हैं। 22 वर्षीय कुलदीप ने पहले दिन के खेल के बाद कहा, मेरा पहला विकेट चाइनामैन गेंद पर नहीं था, बल्कि यह एक फ्लिपर थी जिसे मैंने वार्न से सीखा था। 
              
22 वर्षीय कुलदीप ने ओपनर डेविड वॉर्नर को आउट कर अपना पहला टेस्ट विकेट लिया था। कुलदीप की यह गेंद ऑफ स्टंप के आसपास पड़ी और वॉर्नर के बल्ले का किनारा लेते हुए स्लिप में अजिंक्य रहाणे के हाथों में समा गई। कुलदीप की पिछले महीने पुणे में वार्न के साथ मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने टेस्ट इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज वार्न से काफी कुछ सीखा था।
            
कुलदीप ने कहा, वार्न मेरे आदर्श हैं। मैं अब भी उनके वीडियो देखता हूं। उनसे मिलना एक सपना पूरा होने जैसा था। मैंने उनसे गेंदबाजी पर बातचीत की और उनकी सलाह पर अमल किया। मैं उनसे एक और बार मिलूंगा।  
              
कानुपर के कुलदीप ने अपने पदार्पण के लिये कहा, मैं बहुत खुश हूं। मेरा तो जैसे सपना ही पूरा हो गया है। एक टेस्ट मैच में आप इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं कर सकते। शुरुआत में मैं नर्वस था, जब मैं पहले ओवर में फाइन लेग पर क्षेत्ररक्षण कर रहा था, लेकिन उसके बाद से खुद को मैं सामान्य महसूस करने लगा। मैंने अपने फिटनेस स्तर में काफी सुधार किया है, जिसका मुझे गेंदबाजी में फायदा मिला। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
शिखर धवन के शतक से भारत बी जीता