1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Corona curfew is applicable in these states in the country

देश के इन-इन राज्यों में लागू है कोरोना कर्फ्यू, मुंबई में लगेगा लॉकडाउन

Corona Curfew
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना के मामलों में इजाफे को लेकर राज्‍य सरकारें अलर्ट हो गई हैं और पाबंदियों का दौर दोबारा लौटने लगा है। राजधानी दिल्‍ली के बाद उत्‍तरप्रदेश में भी वीकेंड कर्फ्यू लगाए जाने पर विचार हो रहा है। पश्चिम बंगाल ने दिल्‍ली और मुंबई से आने वाली फ्लाइटों की सीमा दोबारा तय कर दी है।

 
मुंबई की मेयर ने साफ कर दिया है कि शहर में रोजाना मामलों के 20,000 से अधिक होने पर लॉकडाउन लगाया जाएगा। कोरोना को देखते हुए कई राज्‍यों ने पहले ही नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। आइए, यहां जानते हैं कि राज्‍यों ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अपने-अपने यहां क्‍या कदम उठाए हैं।

 
राजधानी दिल्‍ली में कोरोना केस की रफ्तार तेज होते ही वीकेंड कर्फ्यू का ऐलान हो गया है। वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर दिल्‍ली में पहले से ही नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है। दिल्ली में हर रात 10 बजे से 5 बजे का नाइट कर्फ्यू पहले से ही लागू है यानी अब हर हफ्ते शुक्रवार रात 10 बजे से लागू कर्फ्यू लगातार सोमवार सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा।

 
कोरोना वायरस महाराष्‍ट्र में दोबारा तेजी से फैल रहा है। राज्‍य के कई मंत्री और विधायक भी संक्रमित हो चुके हैं। इसे देखते हुए हाल में विधानसभा सत्र की अवधि घटाकर खुली या बंद जगह 50 लोगों के जुटने की सीमा तय कर दी गई है। राज्‍य में पुणे और मुंबई जैसे शहरों के हालात काफी बिगड़ गए हैं।
 
दिल्‍ली की तरह यूपी में भी वीकेंड कर्फ्यू लगाया जा सकता है। इसके तहत सिनेमा हॉल, मॉल, स्‍वीमिंग पूल, जिम, पार्क वगैरह को वीकेंड पर बंद किया जा सकता है। पहले ही प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ही नाइट कर्फ्यू रहता है। उपरोक्त राज्यों के अलावा बिहार, गोवा व कर्नाटक आदि राज्यों ने कोरोना को देखते हुए ऐहतियाती कदम उठाए हैं।
अगला लेख
बड़ी खबर, यूपी समेत 5 राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान आज