1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. China has conditionally approved the Corona vaccine of Sinopharm

COVID-19 : चीन ने दी 'सिनोफार्म' की Corona vaccine को सशर्त मंजूरी

Coronavirus
बीजिंग। चीन ने सरकारी कंपनी 'सिनोफार्म' द्वारा विकसित कोरोनावायरस (Coronavirus) के टीके को सशर्त मंजूरी दे दी है। 'सिनोफार्म' ने बुधवार को कहा था कि उसका टीका जांच के अंतिम एवं तीसरे चरण के प्रारंभिक नतीजों के अनुसार, संक्रमण से बचाव में 79.3 प्रतिशत प्रभावी पाया गया है।

सरकारी समाचार पत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने चीन के चिकित्सा उत्पादन प्रशासन के उपायुक्त चेन शिफेई के हवाले से कहा, सरकार द्वारा संचालित ‘सिनोफार्म’ की सहायक कंपनी ‘चीन नेशनल बायोटेक ग्रुप (सीएनबीजी) के तहत ‘बीजिंग इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल प्रोडक्ट्स’ संस्थान द्वारा निर्मित टीके को बुधवार को चीन के राष्ट्रीय चिकित्सा उत्पादन प्रशासन ने मंजूरी दे दी है।

खबर के अनुसार, चीनी अधिकारियों ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मानकों की तुलना में ‘सिनोफार्म’ के नतीजे 50 प्रतिशत बेहतर हैं। अमेरिका के ‘फाइजर’ और ‘मॉर्डना’ के टीके को अधिकृत करने के बाद चीन ने अपने देश में बनाए जा रहे टीकों में से एक को मंजूरी दी है।

ब्रिटेन ने ‘ऑक्सफर्ड-एस्ट्राजेनेका’ के कोविड-19 के टीके को भी मंजूरी दे दी थी, जिसके पहले टीके वहां सोमवार को लगाए गए। चीन की सरकार द्वारा संचालित दवा कंपनी ‘सिनोफार्म’ उन पांच चीनी कंपनियों में शुमार है, जो टीका बनाने की वैश्विक दौड़ में शामिल हैं। कोविड-19 से विश्वभर में अभी तक 18 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।(भाषा)
अगला लेख
नए कृषि कानूनों के खिलाफ केरल विधानसभा में प्रस्ताव पास