गुरुवार, 10 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. Centre Tell States To Be Prepared For Vaccine Roll Out
Written By
Last Modified: गुरुवार, 7 जनवरी 2021 (18:24 IST)

ड्राई रन से पहले Corona Vaccine को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को लिखा पत्र, कही यह बड़ी बात

Corona Vaccine
नई दिल्ली। देशभर में कल एक बार फिर कोरोना वैक्सीन का ड्राई रन होने वाला है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को निर्देश निए हैं। इस संबंध में एक पत्र लिखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कहा है कि उन्हें कोविड-19 टीके की पहली खेप जल्दी ही मिल सकती है और इसे प्राप्त करने के लिए वे तैयार रहें।
देश के औषधि नियंत्रक ने रविवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका की 'कोविशील्ड' और देश में ही विकसित की गई भारत बायोटेक कंपनी की 'कोवैक्सीन' को आपात स्थिति में सीमित इस्तेमाल के लिए मंजूरी दे दी थी। उत्तरप्रदेश और हरियाणा को छोड़कर सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में 8 जनवरी को टीकाकरण का रिहर्सल होगा ताकि प्रत्येक जिले में टीके की आपूर्ति के लिए प्रभावी योजना और प्रबंधन को सुनिश्चित किया जा सके।
 
मंत्रालय ने एक पत्र में कहा कि आपूर्तिकर्ता टीके की आपूर्ति 19 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के केंद्रों पर करेगा। इनमें आंध्रप्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। शेष 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को टीका उनके संबंधित सरकारी चिकित्सा भंडारण डिपो से मिलेगा।
 
इनमें अंडमान निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दमन और नागर हवेली, दमन एवं दीव, गोवा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, लक्ष्यद्वीप, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम, त्रिपुरा और उत्तराखंड शामिल हैं। पत्र में कहा गया है कि टीके का जिलों में वितरण पंजीकृत लाभार्थियों के मुताबिक होगा। इसके लिए एक और पत्र लिखा जाएगा। पत्र में हालांकि तारीख का जिक्र नहीं किया गया है।
ये भी पढ़ें
COVID-19 : दिल्ली के 2 अस्पतालों को गैर Corona मरीजों के लिए खोला