बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. 10,216 fresh Covid-19 cases take Maharashtras active case tally to 88,838
Written By
Last Modified: शुक्रवार, 5 मार्च 2021 (22:41 IST)

महाराष्ट्र में 5 महीने बाद 10000 से ज्यादा Corona केस, चिंता बढ़ी

महाराष्ट्र में 5 महीने बाद 10000 से ज्यादा Corona केस, चिंता बढ़ी - 10,216 fresh Covid-19 cases take Maharashtras active case tally to 88,838
मुंबई। महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोनावायरस (Coronavirus) संक्रमण के 10 हजार 216 नए मामले दर्ज किए गए, जो पिछले लगभग 5 महीनों में एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। राज्य में लगातार बढ़ते मामलों ने शासन-प्रशासन की नींद उड़ा दी है, वहीं लोग भी चिंतित हो गए हैं। 
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में इस महामारी के मामलों की कुल संख्या 21 लाख 98 हजार 399 पर पहुंच गई है। राज्य में 17 अक्टूबर, 2020 के बाद ऐसा पहली बार है कि एक दिन में मामलों की संख्या 10 हजार से अधिक दर्ज की गई है। राज्य में 17 अक्टूबर को 10 हजार 259 मामले दर्ज किए गए थे। 
 
अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को कोविड-19 से 53 और लोगों की मौत होने से राज्य में मृतकों की संख्या बढ़कर 52,393 हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में 6,467 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। राज्य में अब तक 20,55,951 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
 
मुंबई में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 1,174 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या बढ़कर 3,31,020 पर पहुंच गई है जबकि इस महामारी से तीन और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 11,495 पर पहुंच गई।
पुणे में 849 केस : अधिकारी के अनुसार पुणे शहर में 849 लोग संक्रमित पाए गए हैं, जिससे मामलों की संख्या बढ़कर 2,13,038 हो गई है। पुणे में इस महामारी से चार और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 4,587 हो गई है।
 
अधिकारी ने बताया कि नागपुर, पिंपरी चिंचवड़, नासिक, औरंगाबाद और अमरावती शहरों में क्रमशः 1,225, 549, 352, 318 और 435 नए मामले दर्ज किए गए।
 
महाराष्ट्र में 14 मार्च तक पाबंदियां बढ़ाईं : नागपुर में कोरोना वायरस के मामलों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर नागपुर नगर निगम (एनएमसी) ने विभिन्न गतिविधियों और प्रतिष्ठानों पर लागू पाबंदियों को शुक्रवार को 14 मार्च तक बढ़ा दिया। नगर आयुक्त राधाकृष्णन बी ने इस आशय की एक अधिसूचना जारी की।
आदेश के अनुसार, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग कक्षाएं, साप्ताहिक बाजार और स्विमिंग पूल 14 मार्च तक बंद रहेंगे और उस समय तक किसी भी खेल के आयोजन की अनुमति नहीं होगी।
ये भी पढ़ें
ग्रेटा थनबर्ग की टिप्पणी भारत-स्वीडन के बीच द्विपक्षीय मुद्दा नहीं : विदेश मंत्रालय