Chandrayaan-3 : चांद पर इस तरह चमक रहा विक्रम लैंडर, चंद्रयान-2 के आर्बिटर ने खींची ताजा तस्वीरें
Chandrayaan-3 Mission : इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) ने चंद्रयान-2 ऑर्बिटर पर लगे डुअल-फ्रीक्वेंसी सिंथेटिक अपर्चर रडार (DFSAR) उपकरण से ली गई चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम की एक तस्वीर शनिवार यानी शेयर की। 23 अगस्त को चंद्रमा पर पहुंचे अंतरिक्ष यान को लेकर ISRO ने कहा था कि विक्रम लैंडर को स्लीप मोड में सेट कर दिया गया है और उसके पेलोड बंद कर दिए गए हैं।
खबरों के अनुसार, चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर और प्रज्ञान रोवर चांद की सतह पर इस समय स्लीप मोड में हैं, लेकिन इस बीच चांद की सतह पर घुप्प अंधेरे में चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर की तस्वीरें सामने आई हैं, जो चौंकाने वाली हैं। रात के अंधेरे में चंद्रयान-3 के लैंडर पर नजर रखने के लिए उसके ऊपर से चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर को गुजारा गया।
ऑर्बिटर में लगे खास कैमरे ने रात के अंधेरे में चंद्रयान-3 के लैंडर की तस्वीरें ली हैं, जिसमें वह पीली रोशनी में चमकता दिख रहा है। तस्वीर में चांद की सतह नीले, हरे और गहरे काले रंग की दिख रही है। इसी के बीच विक्रम लैंडर एक पीले गोले में दिख रहा है। यह तस्वीर 6 सितंबर 2023 को ली गई थी। इससे पहले 25 अगस्त 2023 को भी चंद्रयान-2 ने चंद्रयान-3 की तस्वीर ली थी।
इस तस्वीर में लैंडर को जूम करके इनसेट में दिखाया गया था। यह तस्वीर दो तस्वीरों का कॉम्बीनेशन थी। 23 अगस्त को चंद्रमा पर पहुंचे अंतरिक्ष यान को लेकर अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा था कि विक्रम लैंडर को स्लीप मोड में सेट कर दिया गया है और उसके पेलोड बंद कर दिए गए हैं, वहीं इसकी बैटरी पूरी तरह चार्ज हो गई है, हालांकि इसका रिसीवर चालू रखा गया है। फोटो सौजन्य : टि्वटर/एक्स
Edited By : Chetan Gour
Edited By : Chetan Gour
