1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. Vivek Ranjan Agnihotri announces that the trailer of The Bengal Files will be launched in Kolkata
Last Updated : बुधवार, 6 अगस्त 2025 (14:49 IST)

विवादों के बीच विवेक रंजन अग्निहोत्री कोलकाता में लॉन्च करेंगे द बंगाल फाइल्स का ट्रेलर

Film The Bengal Files Trailer Release Date
विवेक रंजन अग्निहोत्री इन दिनों अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' का प्रमोशन अमेरिका में कर रहे हैं। इसके लिए वे अलग-अलग शहरों में कई वर्ल्ड प्रीमियर आयोजित कर रहे हैं। बिना किसी विवाद या सनसनीखेज बयान के, उन्होंने बेहद सधे और सम्मानजनक अंदाज़ में प्रमोशन की शुरुआत की है। 
 
फिर भी, बिना किसी उकसावे के, ममता बनर्जी की टीएमसी पार्टी के कुछ सदस्यों ने निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री, प्रोड्यूसर अभिषेक अग्रवाल और एक्ट्रेस-प्रोड्यूसर पल्लवी जोशी के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज करवाईं। आरोप लगाया गया कि फिल्म में विवादित कंटेंट दिखाया गया है।
 
इसके जवाब में फिल्म मेकर्स ने कोर्ट का रुख किया और हाई कोर्ट ने सभी एफआईआर पर फिलहाल रोक लगाते हुए उन्हें राहत दी। लेकिन कोर्ट के इस आदेश के बाद भी, नई एफआईआर दर्ज हो रही हैं। अब विवेक रंजन अग्निहोत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। 
 
इस वीडियो में उन्होंने सत्ताधारी पार्टी पर आरोप लगाया कि वे फिल्म को रोकने और सच सामने आने से बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने द बंगाल फाइल्स को देश की सबसे अहम फिल्म बताया, जो भारतीय इतिहास के एक बहुत ही गहरे और छिपे हुए सच को सामने लाती है।
 
वीडियो शेयर करते हुए विवेक ने लिखा, जरूरी और अहम: मेरे खिलाफ #TheBengalFiles बनाने पर पश्चिम बंगाल सरकार ने कई FIR दर्ज की हैं। माननीय हाई कोर्ट ने इन पर रोक लगा दी है। वे हमें चुप क्यों कराना चाहते हैं? सच से इतनी डर क्यों लग रही है? मैं चुप नहीं रहूंगा। कृपया देखें और शेयर करें। #RightToLife #NeverAgain
 
विवेक रंजन अग्निहोत्री ने पूछा कि सरकार क्यों लोगों की आवाज दबा रही है और पुराने व आज के सच को छुपा रही है। उन्होंने कहा, "क्या वे फिल्म के खिलाफ हैं, उसके बनाने वाले के खिलाफ या सच के खिलाफ?" उन्होंने सभी लोगों, खासकर युवाओं से कहा कि द बंगाल फाइल्स ज़रूर देखें और असली बातें जानें।
 
उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस फिल्म के पीछे कई सालों की मेहनत और रिसर्च है और उन्होंने न्याय व्यवस्था पर अपना भरोसा दोहराया। उन्होंने पार्टी को चुनौती भी दी और ऐलान किया कि अब फिल्म का ट्रेलर कोलकाता में ही लॉन्च किया जाएगा, उसी शहर में, जहां ये एफआईआर दर्ज हो रही हैं।
 
द बंगाल फाइल्स को विवेक रंजन अग्निहोत्री ने लिखा है और इसे अभिषेक अग्रवाल व पल्लवी जोशी ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार अहम किरदार निभा रहे हैं। यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।