उदयपुर में शुरू हुआ 'Virosh' का नया सफर, दो अलग-अलग रीति-रिवाजों से शादी के बंधन में बंधेंगे विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना
साउथ सिनेमा के सबसे चहेते कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना 26 फरवरी 2026 को अपनी जिंदगी का नया चैप्टर शुरू करने जा रहे हैं। दोनों आज अपने करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सात फेरे लेंगे। विजय और रश्मिका की शादी की रस्में राजस्थान के उदयपुर स्थित ITC Mementos रिजॉर्ट में हो रही है।
फैंस ने इन्हें प्यार से 'VIROSH' नाम दिया है, जिसे इस कपल ने भी अपनी शादी के आधिकारिक नाम के रूप में स्वीकार किया है। विजय और रश्मिका अपनी संस्कृति और जड़ों का सम्मान करते हुए दो अलग-अलग परंपराओं के अनुसार शादी कर रहे हैं
विजय देवरकोंडा के परिवार और परंपरा का सम्मान करते हुए, आज सुबह पारंपरिक तेलुगु हिंदू विधि से शादी की रस्में निभाई जा रही हैं। इसमें परिवार के बड़े बुजुर्गों की मौजूदगी में पवित्र मंत्रोच्चार के साथ विजय, रश्मिका को मंगलसूत्र पहनाएंगे।
रश्मिका मंदाना कर्नाटक के कूर्ग (Coorg) से ताल्लुक रखती हैं। उनके सम्मान में शाम को कोडवा परंपरा के अनुसार रस्में होंगी। यह रस्म अपनी सादगी और अनूठी संस्कृति के लिए जानी जाती है।
कपल ने पारंपरिक रस्मों से पहले एक दोस्ताना क्रिकेट मैच और पूल वॉलीबॉल का आयोजन किया, जिसमें दोनों परिवारों ने खूब मस्ती की। 24 और 25 फरवरी को संगीत और मेहंदी का कार्यक्रम भी हुआ। संगीत की रात विजय की मां ने रश्मिका को खानदानी सोने के कंगन तोहफे में दिए।
प्राइवेसी बनाए रखने के लिए शादी को 'अनप्लग्ड' रखा गया है, यानी मेहमानों को फोन इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। दोनों की शादी में केवल 50-100 करीबी लोग शामिल हैं। इसमें संदीप रेड्डी वांगा, तरुण भास्कर और राहुल रवींद्रन जैसे करीबी फिल्मी दोस्त भी शामिल है।
कब और कहां होगा रिसेप्शन?
उदयपुर में शादी के बाद, यह कपल हैदराबाद में एक ग्रैंड रिसेप्शन होस्ट करेगा। विजय और रश्मिका की रिसेप्शन पार्टी 4 मार्च को हैदराबाद के ताज कृष्णा होटल में होगी। इस ग्रैंड पार्टी में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोगों के अलावा राजनेता भी शामिल होंगे।