'दादा साहब फाल्के पुरस्कार' से सम्मानित होंगे रजनीकांत, एक्टर ने जाहिर की खुशी
सुपरस्टार रजनीकांत साल 2020 के 51वें दादा साहब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किए जाएंगे। रजनीकांत को 25 अक्टूबर को दिल्ली में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। रजनीकांत के नाम की घोषणा अप्रैल में हो चुकी थी।
रजनीकांत ने इसपर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक बयान जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने बेटी सौंदर्या विशगन की उपलब्धि को भी शेयर किया। अभिनेता ने बताया कि 'कल उनके लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि उन्हें भारत सरकार से सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलेगा।
रजनीकांत ने लिखा है, कल मेरे लिए दो खास मुकामों वाला एक महत्वपूर्ण अवसर है। पहला दादा साहब फाल्के पुरस्कार, लोगों के प्यार और समर्थन के कारण भारत सरकार द्वारा मुझे प्रदान किया जा रहा है। दूसरा, मेरी बेटी सौंदर्या विशगन ने अपनी कोशिशों से 'हूट' एप बनाने का बीड़ा उठाया है और वह इसे दुनिया के सामने पेश करने जा रही है।
pic.twitter.com/vkTf6mxYUu
— Rajinikanth (@rajinikanth) October 24, 2021
उन्होंने लिखा, लोग अब अपनी आवाज के माध्यम से अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं, इच्छाओं और विचारों की तरह ही वे अपनी पसंद की किसी भी भाषा में लिखित रूप में करते हैं। मुझे अपनी आवाज में इस अभिनव, उपयोगी और अपनी तरह का पहला हूट एप लॉन्च करने में बहुत खुशी हो रही है।
रजनीकांत ने अपने प्रशंसकों को 'प्यार और सम्मान' देने के लिए धन्यवाद भी दिया। उन्होंने लिखा, प्रख्यात राजनीतिक नेताओं मेरे फिल्म बिरादरी के दोस्तों, सहयोगियों, शुभचिंतकों, मीडिया, हर व्यक्ति से मिले प्यार, बधाई और शुभकामनाओं के लिए, जिन्होंने समय निकालकर मुझे और मेरे प्यारे प्रशंसकों को पूरे भारत और दुनिया भर से शुभकामनाएं दीं, उन्हें मेरी गहरी कृतज्ञता और धन्यवाद।
रजनीकांत ने 1975 में दिवंगत निर्देशक के बालाचंदर की फिल्म अपूर्व रागंगल से अभिनय की शुरुआत की थी। उन्हें इससे पहले 2000 में पद्म भूषण और 2016 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है।

