1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. neha pendse shocking incident lokhandwala mumbai jogging attack
Last Modified: शनिवार, 25 अप्रैल 2026 (11:51 IST)

जब सुबह जॉगिंग के दौरान सड़क पर नेहा पेंडसे के साथ हुई खौफनाक घटना, एक्ट्रेस ने सुनाई आपबीती

Neha Pendse attack story
टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस नेहा पेंडसे अपनी बेबाकी और स्पष्टवादिता के लिए जानी जाती हैं। 'भाबीजी घर पर हैं' में गौरी मैम का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाली नेहा ने हाल ही में अपने जीवन के एक ऐसे काले अनुभव को साझा किया है, जिसने उन्हें हिलाकर रख दिया था। 
 
हॉटरफ्लाई को दिए एक इंटरव्यू में नेहा ने मुंबई के लोखंडवाला इलाके में हुई एक डरावनी घटना का जिक्र किया। नेहा ने बताया कि यह घटना सुबह के समय हुई जब वह अंधेरी के लोखंडवाला इलाके में जॉगिंग के लिए निकली थीं। सुबह के करीब 5-6 बज रहे थे और सड़क पर ज्यादा चहल-पहल नहीं थी। तभी सामने से एक कार आई और चालक ने रास्ता पूछने के बहाने गाड़ी रोकी।
 
नेहा ने कहा, उस शख्स की आवाज साफ नहीं थी, इसलिए मैं बात सुनने के लिए गाड़ी के थोड़ा करीब गई। अचानक, उस आदमी ने मुझे जोर से पकड़ लिया। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाती या शोर मचाती, उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। यह सब इतना अचानक था कि मैं सुन्न रह गईं।
 
भले ही नेहा उस वक्त सदमे में थीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उनके हाथ में उनकी क्रूज कार की चाबी थी, जिसमें एक बड़ा और भारी रिमोट ब्लॉक लगा था। हिम्मत दिखाते हुए नेहा ने वह भारी रिमोट उस शख्स की कार की ओर दे मारा, जो सीधे पीछे के शीशे पर लगा।
 
रिमोट टकराते ही उस व्यक्ति ने जोर से ब्रेक मारा। नेहा बताती हैं, उस पल मैं सबसे ज्यादा डर गई थी। मुझे लगा कि अगर उसने गाड़ी रिवर्स ले ली और मुझ पर हमला कर दिया तो मैं क्या करूंगी? वह एक सेकंड के लिए रुका, उसने शीशा चेक किया कि टूटा है या नहीं, और फिर वहां से भाग निकला। वह मेरी जिंदगी का सबसे भयानक पल था।
 
सिर्फ प्रोफेशनल ही नहीं, नेहा अपनी पर्सनल लाइफ में भी समाज की रूढ़ियों को तोड़ती नजर आती हैं। साल 2020 में उन्होंने बिजनेसमैन शार्दुल सिंह बयास से शादी की। अपनी शादी के वक्त शार्दुल के पिछले दो तलाक को लेकर नेहा को काफी ट्रोल किया गया था, लेकिन उन्होंने बड़ी शालीनता से ट्रोलर्स को जवाब दिया था।
 
1984 में मुंबई में जन्मी नेहा पेंडसे का एक्टिंग करियर महज 10 साल की उम्र में शुरू हो गया था। उन्होंने 1995 में एकता कपूर के शो 'कैप्टन हाउस' से डेब्यू किया। नेहा ने 1999 में फिल्म 'दाग: द फायर' से बड़े पर्दे पर कदम रखा। इसके बाद वह 'देवदास' जैसी बड़ी फिल्मों में भी नजर आईं।
 
नेहा ने न केवल हिंदी, बल्कि मराठी, तमिल, तेलुगु और मलयालम फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। 'नटसम्राट', 'बालकडू' और 'जून' जैसी मराठी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी सराहा गया। हिंदी टीवी जगत में उन्हें असली पहचान सिटकॉम 'मे आई कम इन मैडम?' और 'भाभी जी घर पर हैं' से मिली। वह 'बिग बॉस 12' का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
रिहाना की आफ्टर पार्टी में ओरी ने मचाया धमाल, ईशा अंबानी और जाह्नवी कपूर के साथ शेयर की मजेदार रील